यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shraddha Murder Case: वकीलों की हड़ताल के चलते श्रद्धा मामले में सुनवाई टली, 6 अप्रैल की अगली तारीख तय
Shraddha Murder Case साकेत कोर्ट ने सोमवार को वकीलों की हड़ताल के मद्देनजर श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपित आफताब अमीन ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। साकेत कोर्ट ने सोमवार को वकीलों की हड़ताल के मद्देनजर श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपित आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ आरोपों पर सुनवाई टाल दी। सुनवाई की अगली तारीख छह अप्रैल तय की गई है। हालांकि, सोमवार को आफताब को कोर्ट के समक्ष भौतिक रूप से पेश किया गया।
वीरेंद्र वरवाल की हत्या के विरोध में वकीलों की हड़ताल
दरअसल, द्वारका क्षेत्र में अधिवक्ता वीरेंद्र नरवाल की कथित हत्या के विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं ने हड़ताल कर रखी थी। सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) अमित प्रसाद और मधुकर पांडेय द्वारा सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले की प्रति को रिकार्ड में लिया गया।
आफताब के वकील को दी गई SC के फैसले की प्रति
आफताब के वकील को इसकी प्रति प्रदान की गई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले की प्रति के अनुसार, आईपीसी की धारा 201 के तहत आरोप उस व्यक्ति के खिलाफ लगाया जा सकता है, जो मुख्य अपराधी को बचाने के लिए साक्ष्य को नष्ट कर देता है। साथ ही मुख्य अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी आरोप लगाया जा सकता है।
पिछली सुनवाई के दौरान आरोपित आफताब के वकील ने तर्क दिया था कि हत्या और सबूत मिटाने के आरोप एक साथ नहीं लगाए जा सकते हैं। कोर्ट ने आफताब के वकील को उनके पक्ष में किसी भी फैसले की एक प्रति दायर करने की स्वतंत्रता दी। साथ ही कोर्ट ने आफताब के साथ मारपीट वाले मामले में लाकअप इंचार्ज के जवाब पर भी संज्ञान लिया। जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपित को जेल में और कोर्ट ले जाने के दौरान अलग रखा जा रहा है।