Move to Jagran APP

सेवा भारती ने उठाया कोरोना संक्रमितों को सुविधाएं देने की बीड़ा, आइसोलेशन सेंटर वाले 450 बेड कराए उपलब्ध

दिल्ली में वर्तमान समय में सेवा भारती द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से छह आइसोलेशन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। ये अशोक विहार उदासीन आश्रम नरेला द्वारका हरिनगर एवं लाजपत जिले की अमर कॉलोनी में स्थापित हैं। इन आइसोलेशन सेंटर में लगभग 450 बेड की व्यवस्था है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Published: Fri, 07 May 2021 12:55 PM (IST)Updated: Fri, 07 May 2021 12:55 PM (IST)
सेवा भारती ने दिल्ली में खड़ी की आइसोलेशन सेंटरों की श्रृंखला।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली।

loksabha election banner

एक तरफ दिल्ली में इन दिनों कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और बुनियादी इलाज मिलना मुश्किल हो गया है, वहीं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सेवा भारती आइसोलेशन सेंटरों का संचालन कर लोगों की जिंदगी बचाने का काम कर रही है। दिल्ली में वर्तमान समय में सेवा भारती द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से छह आइसोलेशन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। ये अशोक विहार, उदासीन आश्रम, नरेला, द्वारका, हरिनगर एवं लाजपत जिले की अमर कॉलोनी में स्थापित हैं। इन आइसोलेशन सेंटर में लगभग 450 बेड की व्यवस्था है।

सेवा भारती के पदाधिकारियों के मुताबिक नौ और सेंटर जल्द शुरू होंगे। इसके लिए लगभग सभी तैयारी पूरी कर ली गई है, प्रशासनिक अनुमति मिलते ही यह एक-दो दिन में संचालन स्तर पर आ जाएंगे। इस तरह एक हजार बेड की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। सभी आइसोलेशन सेंटर में मेडिकल ऑक्सीजन मुहैया कराई जा रही है। किसी में सिलेंडर के जरिए तो किसी में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

ये सेंटर और विशेषता

लाजपत नगर

सेवा भारती ने लाजपत नगर की अमर कालोनी नगर स्थित सरस्वती बाल मंदिर में 35 बेड की सुविधा वाला आइसोलेशन सेंटर शुरू किया है, जिसे 50 बेड तक विस्तारित किया जाएगा। मरीजों के चिकित्सकीय उपचार के लिए मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. पी प्रसन्ना राज एवं डॉ. कल्पना नागपाल (रोबोटिक्स सर्जन हैं) अपनी नि:शुल्क अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यहां 21 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर रखे गए हैं। यहां सभी लोगों को भोजन, नीबू पानी, काढ़ा, दवाएं तथा सभी चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान करने की व्यवस्था है। संघ के स्वयंसेवक सेवाभाव से मरीजों की सेवा में जुट गए हैं।

अशोक विहार में 100 बेड का कोविड केयर सेंटर

समाजिक संस्थाओं के सहयोग से सेवा भारती द्वारा अशोक विहार के लक्ष्मी बाई कॉलेज में 100 बेड का कोविड केयर सेंटर संचालित किया जा रहा है। इसमें संक्रमित ऐसे मरीजों को रखा गया है जो बहुत अधिक गंभीर नहीं हैं। महाविद्यालय की कक्षाओं को कोविड वार्ड में तब्दील कर दिया गया है। सेंटर में ऑक्सीमीटर, दवाएं, ग्लूकोज, इंश्यूलिन चढ़ाने समेत अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। जल्द ही इसे 200 बेड तक विस्तारित किया जाएगा। ख़ास बात यह है कि ऑक्सीजन कंसट्रेटर्स की व्यवस्था भी कोविड केयर सेंटर में की गई है। यहां हर दिन ओपीडी संचालित की जाती है, जिसमें हर दिन लगभग 100 मरीज आते हैं।

श्री गुरु राम राय उदासीन आश्रम में 33 बेड

नई दिल्ली प्रांत के स्वयंसेवकों द्वारा श्री गुरु राम राय उदासीन आश्रम में आइसोलेशन सेंटर का गठन किया गया है। 33 बेड के इस आइसोलेशन सेंटर में चिकित्सकीय परामर्श, दवाएं, ऑक्सीजन की सुविधा प्रदान की गई है। यहां 24 घंटे डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अलग-अलग शिफ्ट में स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। जल्द ही ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर की सुविधा भी हो जाएगी। मंगलवार को कोविड केयर सेंटर से 20 मरीजों की काउंसलिंग करके मेडिसिन के साथ घर भेजा। इसी तरह 5 मरीजों को मेडिकल ऑक्सीजन प्रदान की गई जिनमें 2 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।

हर बेड में बकायदा मरीज के लिए आवश्यक सभी वस्तुएं जैसे पानी की बॉटल, टॉवेल, सैनेटाइजर, स्टीमर, साबुन आदि उपलब्ध कराया गया है। हर बेड पर मरीज की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे व माइक लगाए गए हैं। मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था झंडेवाला मंदिर की ओर से की जा रही है। कोविड केयर सेंटर को संचालित करने के लिए जिला प्रशासन व सेवा भारती द्वारा मेडिसिन किट का सहयोग प्रदान किया गया है। इसी तरह एमबीयू बाग द्वारा एमरजेंसी किट उपलब्ध कराई गई है।

नरेला में 13 बेड का आइसोलेशन सेंटर

सेवा भारती द्वारा संचालित लाला दीपचंद मेमोरियल चेरिटेबल अस्पताल, गली नंबर 30 बी, स्वतंत्र नगर में 13 बिस्तरों वाला आइसोलेशन सेंटर संचालित है। यहां मरीजों के लिए बेड, भोजन, दवाएं, काढ़ा, नेबुलाइजर केअर समेत तमाम बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। डॉक्टर पीके बंसल आइसोलेशन सेंटर में नि:शुल्क मरीजों की सेवा कर रहे हैं। इस सेंटर को संचालित करने में सेवा भारती को तेजस भारत ट्रस्ट व नरेला के श्री राम कुटी मंदिर का भी विशेष सहयोग मिल रहा है।

नि:शुल्क दी जा रही सेवाएं

संकट के समय में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं। इसकी बानगी इन आइसोलेशन सेंटर में देखा जा सकता है। सेवा भारती के सभी आइसोलेशन सेंटर में डॉक्टर्स जहां नि:शुल्क अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वहीं स्थानीय समाज व संस्थाओं के सहयोग से मरीजों के लिए भोजन, दवाएं तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कई आइसोलेशन सेंटर से हर दिन कोरोना को मात देकर अपने घर लौट रहे लोगों को देखकर सेवाभावी कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ रहा है। कई स्थानों में स्वस्थ होकर लौट रहे मरीज व उनके परिवारजन सेवा भारती के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इन सभी आइसोलेशन सेंटरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुटे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.