सावन की शिवरात्रि के लिए महादेव का जलाभिषेक शुरू, मंदिरों में उमड़ी भीड़
दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर के महंत नारायण गिरि के अनुसार, त्रयोदशी का जल बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे से शुरू हुआ और चतुर्दशी का जल रात करीब 11 बजे से चढ़ना शुरू होगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। सावन की शिवरात्रि के लिए महादेव का जलाभिषेक गुरुवार सुबह से शुरू हुआ। दिल्ली के साथ एनसीआर के विभिन्न इलाकों में स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर में तकरीबन 5 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे।
वहीं, शिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए दो दिन तक जीटी रोड और गौशाला अंडरपास बंद रहेगा। दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर के महंत नारायण गिरि के अनुसार, त्रयोदशी का जल बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे से शुरू हुआ और चतुर्दशी का जल रात करीब 11 बजे से चढ़ना शुरू होगा। वहीं, शिव चौदस का जल शुक्रवार की रात तक चढ़ेगा। इस दौरान करीब 5-6 लाख श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यह रहेगा डायवर्जन
जलाभिषेक के आने वाले शिव भक्तों की बड़ी संख्या की संभावना को लेकर बुधवार शाम से ही ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया है। यातायात निरीक्षक रमेश तिवारी ने बताया कि बुधवार आधी रात के बाद से शिवभक्तों की लाइन लगनी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही जीटी रोड व गौशाला अंडरपास का डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। जीटी रोड पर घंटाघर व नया बस अड्डा से जस्सीपुरा की तरफ आने जाने वाले वाहनों को ठाकुरद्वारा फ्लाइओवर से भेजा जाएगा।
दिनभर खुले रहेंगे मंदिरों के कपाट
शिवरात्रि के जलाभिषेक के चलते बृहस्पतिवार को ट्रांस हिंडन के सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट दिनभर खुले रहेंगे। पंडित मनोज दीक्षित ने बताया है कि इस दौरान मोहन नगर मंदिर, साहिबाबाद शिव मंदिर, शालीमार गार्डन स्थित दुर्गा मंदिर, वसुंधरा, कौशांबी, इंदिरापुरम के सभी प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा।
मंदिरों में मिलेगा गंगाजल
वसुंधरा जोन में बृहस्पतिवार को गंगाजल की सप्लाई होगी। जलकल विभाग के पानी के टैंकरों के जरिये मंदिरों और कावड़ शिविरों में सुबह से ही पानी की आपूर्ति की जाएगी। जलकल विभाग के अधीक्षण अभियंता आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वसुंधरा जोन में रोजाना सुबह सात बजे से नौ बजे तक पानी सप्लाई होती है। बृहस्पतिवार को शिवरात्रि के चलते लिंक रोड पर बनें कावड़ शिविरों और मंदिरों में सुबह पांच बजे से पानी की सप्लाई दी जाएगी। सुबह एक से डेढ़ घंटे के बीच ही पानी की सप्लाई दी जाएगी।
प्रशासन ने की है पूरी तैयारी
कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। कांवड़ मार्ग पर यातायात को वन-वे किया गया है और मंदिर के पास से होकर गुजरने वाले रास्तों पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। एसपी ट्रैफिक एस.एन. सिंह के अनुसार सभी प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिककर्मी तैनात किए गए हैं। जाम से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली की ओर से आने जाने वालों की सुविधा के लिए डायवर्जन किया गया है। मंदिर के आस-पास सभी रास्तों को ट्रैफिक के लिए बंद किया गया है।