यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Politics: 'सत्येंद्र जैन का हद से ज्यादा बचाव क्यों कर रहे CM केजरीवाल?', भाजपा ने AAP से पूछा सवाल
Delhi Politics तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक के बाद एक वीडियो को लेकर भाजपा आम आदमी पार्टी पर हमलावर है। भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने मंत्री को खास सुविधाएं देने के बावजूद झूठ बोलने का आरोप लगाया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल से बंद दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) का रविवार को एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें हाउसकीपिंग कर्मचारी आप नेता के सेल की सफाई करते नजर आ रहे हैं। अब इस वीडियो के बाद दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने मंत्री को वीवीआईपी ट्रीटमेंट देने का आरोप लगा लगाया है।
भाजपा ने सीएम केजरीवाल को घेरा
रविवार को प्रेस वार्ता में संबित पात्रा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने रेपिस्ट को फिजियोथेरेपिस्ट बताया। सत्येंद्र जैन के सामने जेल प्रशासन झुक गया है। किसी भी डाक्टर ने कोई फिजियोथेरेपी की सलाह नहीं दी। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले कहते थे कि इस देश में नेता-गेंगस्टर को जेल में रखकर वीवीआईपी सुविधाएं दी जाती है। अब खुद उनके मंत्री को वीवीआईपी की तरह रखा जा रहा है। इससे साफ है कि केजरीवाल की कथनी और करनी में कितना अंतर हैं। केजरीवाल कितनी सहजता से झूठ बोल देते हैं। वीवीआईपी कल्चर को खत्म करने की बात कहने वाले आज देश के सामने हैं।
जेल में जैन की खातिरदारी करवा रही AAP
संबित पात्रा ने कहा कि सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट में सत्येंद्र जैन को काजू मेवे देने की अपील की। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जेल में नियमों का उल्लंघन हुआ है। संविधान का भी उल्लंघन हुआ। जेल में सभी कैदियों के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए, जबकि जैन की खातिरदारी के लिए जेल में दस लोगो को तैनात किया गया है।
भाजपा ने दिल्ली सरकार से पूछा सवाल
संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा पूछती है कि आखिर क्या कारण है कि अरविंद केजरीवाल सत्येंद्र जैन को हद से आगे बढ़कर बचाव कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को भारत रत्न दिलाने की बात कहते हैं। इससे पता चलता है कि वह भारत रत्न को लेकर कितना सम्मान करते हैं।