विदेश में भारत की आलोचना करना राहुल गांधी की आदत, एस जयशंकर बोले- देश के सामने बड़ी समस्या पैदा करने जैसा
राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका दौरे के दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना की थी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विदेशी भूमि पर देश की आलोचना करना राहुल गांधी की आदत है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका दौरे के दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना की थी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विदेशी भूमि पर देश की आलोचना करना राहुल गांधी की आदत है। ऐसा कर वह देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।
भारत से संबंधित मुद्दों को दूसरे देश में उठाना और उन्हें इसमें हस्तक्षेप के लिए आमंत्रित करना अनुचित और नुकसानदेह है। यह प्रवृत्ति देश के सामने गंभीर समस्या लाने जैसा है।
पीएम मोदी ने देश की व्यवस्था बदली
मोदी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों के प्रचार के लिए अभियान के तहत आर्य भट्ट कॉलेज में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की व्यवस्था बदल दी है। अब भारत वैश्विक समस्याओं का जवाब देने के लिए तैयार है। भारत कोरोना टीका प्रदाता है।
जी-20 को लेकर कही ये बात
जी-20 सम्मेलन के साथ हम उस चीज की नींव रख रहे हैं, जिसे प्रधानमंत्री अमृतकाल कहते हैं। इसकी अध्यक्षता करने वाला भारत 18वां देश है लेकिन, दो सौ बैठकें करने वाला पहला देश है। इस सम्मेलन का सबसे बड़ा लाभ पर्यटन को मिलेगा।
कुछ वर्षों बाद इसका परिणाम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के देश के विकास में आर्थिक प्रगति में राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपना योगदान देना होगा।
डॉक्टरों के साथ की चर्चा
सर्वोदय एन्क्लेव में डॉ. विवेक कुमार के नेतृत्व में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल होकर विदेश मंत्री ने दिल्ली के डॉक्टरों के साथ मोदी सरकार की उपलब्धियों पर बात की। उन्होंने डॉक्टरों को मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना व सस्ती दवा को लेकर मरीजों को जागरूक करने की अपील की।
जनपथ पर आर्ट आफ लिविंग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सरोजनी नगर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन करने के बाद उस क्षेत्र में रहने वाले दक्षिण भारत के लोगों से मुलाकात की।
जनता से संवाद कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा बिहार के विधायक संजीव चौरसिया सहित अन्य नेता मौजूद थे।