Move to Jagran APP

दिल्ली में जेपी नड्डा का AAP पर हमला, बोले- जेल में खुलवा दिया मसाज सेंटर, रेपिस्ट अब थेरिपिस्ट हो गए हैं

Delhi MCD Election 2022 दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर प्रचार अभियान में भाजपा पूरी ताकत झोंक रही है। इसी कड़ी में आज रविवार को दिल्ली में एक लाख भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभी को निगम की उपलब्धियों पर आधारित पत्रक देंगे।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek TiwariPublished: Sun, 27 Nov 2022 09:54 AM (IST)Updated: Sun, 27 Nov 2022 12:02 PM (IST)
दिल्ली में जेपी नड्डा का AAP पर हमला, बोले- जेल में खुलवा दिया मसाज सेंटर, रेपिस्ट अब थेरिपिस्ट हो गए हैं
MCD Election: दिल्ली में एक लाख कार्यकर्ता संग BJP का महाजनसंपर्क अभियान आज

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा सांसद हर्षवर्धन दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

loksabha election banner

इस दौरान जेपी नड्डा ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होने दुष्कर्म के आरोपित कैदी द्वारा तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन की मसाज को लेकर कहा कि इन्होने स्वास्थ्य सेवाएं ऐसी बेहतर की के तिहाड़ जेल में मसाज सेंटर खुलवा दिया और शिक्षा का स्तर ऐसा सुधारा कि रेपिस्ट को थेरेपिस्ट बता दिया। इन्होने क्लास रूम और बाथरूम निर्माण के ठेके का रेट एक कर दिया।

मोहल्ले-मोहल्ले में खुलवा दिया ठेका

आज देश आगे बढ़ रहा है लेकिन दिल्ली उस से वंचित है। इसका मूल कारण है यहां की सरकार जो आम आदमी के विरोध में कार्य कर रही है। ये ऐसे कट्टर ईमानदार निकले कि शराब के ठेकेदारों के 12% कमीशन में से 6% खुद ले लिया। ठेके बंद करवाने की कहने वाले ने मोहल्ले-मोहल्ले में ठेका खुलवा दिया।

उन्होने कहा कि आगामी एमसीडी चुनावों में दिल्ली के लोग विभिन्न नागरिक मुद्दों को हल करने के लिए भाजपा को वोट देने के लिए उत्सुक हैं। जनता आम आदमी पार्टी के कामों से तंग आ चुकी है और बीजेपी की सराहना कर रही है।

भाजपा का घर- घर महाजनसंपर्क अभियान

भाजपा के प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज यानी रविवार को भाजपा महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। पूरी दिल्ली में एक लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभी को निगम और नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पत्रक देंगे। सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक यह अभियान चलेगा।

कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल

शनिवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में होने वाले महाजनसंपर्क अभियान में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, 100 से अधिक सांसद और राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। पिछले रविवार को नड्डा व अन्य नेताओं ने कई स्थानों पर रोड शो किया था।

रोज अलग-अलग क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। विषम परिस्थितियों में भाजपा ने 15 वर्ष तक निगम में दिल्ली को साफ व सुंदर बनाने और लोगों की सुविधा के लिए कई काम किए हैं। गलियों, डलावघर से लेकर लैंडफिल साइट तक कूड़ा खत्म किया गया है।

4 को मतदान, 7 दिसंबर को आएंगे नतीजे

उल्लेखनीय है कि एकीकृत नगर निगम के चुनाव चार दिसंबर और मतगणना सात दिसंबर को होगी। दिल्ली में 42 वार्ड अनुसूचित जाति और 104-104 वार्ड महिलाओं और सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों के लिए आरक्षित किए गए हैंl चुनाव में कुल 55 हजार ईवीएम का उपयोग होगा, जिनमें प्रत्येक उम्मीदवार की तस्वीर लगी होगी।

भाजपा से निकाले जाने पर धर्मवीर ने बना ली नई पार्टी

भाजपा से निष्कासित धर्मवीर सिंह ने दिल्ली समता पार्टी के नाम से नई पार्टी बनाने की घोषणा की। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनका पक्ष लिए बिना पार्टी ने उन्हें निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया। उनके भाई निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन वह उनके लिए प्रचार नहीं कर रहे थे।

इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी के दबाव में प्रदेश नेतृत्व ने यह फैसला किया है। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की विचारधारा का अनुसरण करते रहेंगे। उनकी पार्टी दिल्ली के लोगों के हित में काम करेगी।

उम्मीदवारों के सामने वार्डों के लिए ईवीएम आवंटित

उल्लेखनीय है कि निगम चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने ईवीएम वितरण का दूसरा चरण शनिवार को परा कर लिया। जिला निर्वाचन कार्यालयों में प्रत्याशियों के समक्ष वार्डों के लिए ईवीएम का वितरण किया गया। पहले चरण में राजनीतिक दलों के सामने यह प्रक्रिया राज्य चुनाव आयोग पहले ही पूरी कर चुका है।

शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालयों में सामान्य पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में प्रत्याशियों ने ईवीएम को देखा। आयोग की यह प्रक्रिया निष्पक्ष चुनाव का हिस्सा होती है जिसमें प्रत्याशियों से ईवीएम अपने वार्ड में ले जाने की बात कही जाती है, ताकि बाद में कोई आरोप न लगा सके।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.