गणतंत्र दिवस: राजपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान इन रास्तों पर भी प्रतिबंधित रहेगा यातायात, पढ़िए ट्रैफिक पुलिस की नई एडवाइजरी
गणतंत्र दिवस समारोह की रविवार को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते विजय चौक से इंडिया गेट के इलाके में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। शनिवार शाम छह बजे से राजपथ की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। गणतंत्र दिवस समारोह की रविवार को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते विजय चौक से इंडिया गेट के इलाके में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। शनिवार शाम छह बजे से राजपथ की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा। जो रविवार को दोपहर 12 बजे रिहर्सल खत्म होने तक जारी रहेगा। साथ ही शनिवार को 11 बजे के बाद 11 बजे के बाद से रफी मार्ग, जनपथ रोड, मान सिंह रोड को पार करके जाने वाले यातायात पर भी रोक रहेगी।
संयुक्त आयुक्त यातायात पुलिस विवेक किशोर ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 26 जनवरी की परेड के दौरान भी 25 जनवरी की शाम छह बजे से ही उपर्युक्त यातायात प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। जो दोपहर दो बजे परेड खत्म होने तक लागू रहेंगे। इस दौरान परेड के पूरे रुट पर यातायात पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। वहीं, 26 जनवरी सुबह 10 बजे से तिलक मार्ग से लाल किले तक के झांकी निकलने के रूट पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
हालांकि इस रास्ते की क्रास रोड पर यातायात झांकी निकलने के दौरान बंद किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को 26 जनवरी सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक पूरी तरीके से बंद रखा जाएगा। लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक और आइटीओ मेट्रो स्टेशन पर प्रतिबंध 26 जनवरी सुबह 8.45 से शुरू होंगे जो 12 बजे तक लागू रहेंगे।
साथ ही दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली से लगने वाले सभी बार्डर को 25 जनवरी की रात 10 बजे से सील कर दिया जाएगा। इस समय दिल्ली में भारी और हल्के मालवाहक वाहनों को घुसने की इजाजत नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के चलते इस साल भी परेड के रूट को छोटा रखा गया है।
इसलिए परेड लाल किले तक न जाकर राष्ट्रीय स्टेडियम पर ही खत्म होगी। पहले परेड का रूट 8.3 किलोमीटर होता था जो अब पांच किलोमीटर घटाकर 3.3 किलोमीटर ही रखा गया है। हालांकि, परेड के बाद निकलने वाली झांकिया लाल किले पर जाकर ही खत्म होंगी।