विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Commuters News: मयूर विहार फेज-एक के लोगों को राहत जल्द, दोनों क्लोवरलीफ तैयार

By Jp YadavEdited By:
Published: Mon, 26 Jul 2021 08:57 AM (IST)

Delhi Commuters News यूपी लिंक रोड पर फ्लाइओवर के साथ बनाए गए दोनों क्लोवरलीफ (यू-टर्न) बन कर अब तैयार हो ...और पढ़ें

Delhi Commuters News: मयूर विहार फेज-एक के लोगों को राहत जल्द, दोनों क्लोवरलीफ तैयार
Delhi Commuters News: मयूर विहार फेज-एक के लोगों को राहत जल्द, दोनों क्लोवरलीफ तैयार

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। करीब तीन साल के इंतजार के बाद मयूर विहार फेज-एक के लोगों को आवागमन में जल्द राहत मिलेगी। यूपी लिंक रोड पर फ्लाइओवर के साथ बनाए गए दोनों क्लोवरलीफ (यू-टर्न) बन कर अब तैयार हो गए हैं। रोशनी, रंगरोगन व मार्किंग आदि का काम अब पूरा हो चुका है। उद्यान विभाग का कुछ कार्य बचा है जिसे भविष्य में पूरा किया जाएगा। उससे यातायात में कोई असुविधा नहीं होगी। ऐसे में दोनों क्लोवरलीफ इसी सप्ताह शुरू हो सकते हैं। इनके शुरू हो जाने से नोएडा से मयूर विहार फेज एक और मयूर विहार से अक्षरधाम की ओर जाना आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इन्हें शुरू करने संबंधी फाइल अनुमति के लिए दिल्ली सरकार के पास भेज दी है।

जानिये अभी क्या हो रही है परेशानी

मयूर विहार एक से अक्षरधाम आने के लिए अभी पहले मयूर विहार से निकल कर यूपी लिंक रोड पर करीब 700 मीटर विपरीत दिशा में यानी नोएडा की ओर जाना पड़ता है। फिर अगले फ्लाइओवर के नीचे से यू टर्न लेकर वापस आना होता है और फिर अक्षरधाम की ओर जाते हैं। मगर लोगों की परेशानी को देखते हुए यातायात पुलिस कर्मी व्यस्त समय में मयूर विहार से सीधे फ्लाइओवर को पार कर दाहिने मुड़ने का रास्ता दे रहे हैं।

नई व्यवस्था में मयूर विहार से निकलकर सीधे क्लोवरलीफ पर चढ़कर यूपी लिंक रोड से अक्षरधाम की ओर चले जाएंगे। इसी तरह नोएडा से मयूर विहार फेज-एक आने के लिए यूपी लिंक रोड पर अभी मयूर विहार फेज एक से करीब एक किलोमीटर आगे जाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बने फ्लाइओवर के नीचे से यू टर्न करके लौटना होता है। इससे दो किलोमीटर का चक्कर लग रहा है। अब नई व्यवस्था में दो किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नोएडा की ओर से आकर मयूर विहार-फेज एक के सामने फ्लाइओवर पर चढ़ने पर क्लोवरलीफ से नीचे उतर कर मयूर विहार फेज-एक में प्रवेश कर जाएंगे।

दरअसल, ये क्लोवरलीफ बारापुला एलिवेटेड कारिडोर फेज-तीन योजना का हिस्सा हैं। असल में इनके निर्माण का मकसद सराय काले खां की ओर से बारापुला होते हुए यूपी लिंक रोड पर आने वाले यातायात को सुविधापूर्वक विभाजित करना है। यानी जिसे नोएडा की तरफ या अक्षरधाम की ओर जाना है या फिर मयूर विहार फेज-एक में जाना है, वह इनका उपयोग कर सके। बारापुला फेज-तीन कारिडोर तैयार होने में अभी समय लगेगा। इसलिए सरकार ने इन्हें जनता को समर्पित करने का फैसला लिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।