विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वक्त के पहियों पर 'खेल-खिलौनों' की दुनिया सवार, जानिए खिलौनों वाली दिल्ली कितना बदल गई?

By Mangal YadavEdited By:
Published: Wed, 07 Jul 2021 12:37 PM (IST)

खिलौने। पालने में झूलती पहली मुस्कान है। कहानी हैं। किस्से हैं। सोच हैं। ज्ञान हैं। बचपन का ताउम्र रहने वाला ...और पढ़ें

वक्त के पहियों पर 'खेल-खिलौनों' की दुनिया सवार, जानिए खेल-खिलौनों वाली दिल्ली कितना बदल गई?
वक्त के पहियों पर 'खेल-खिलौनों' की दुनिया सवार, जानिए खेल-खिलौनों वाली दिल्ली कितना बदल गई?

नई दिल्ली/गुरुग्राम [प्रियंका दुबे मेहता]। एक समय था जब दिल्ली के खेलों में पिट्ठू, कंचे, गिल्ली डंडा और क्रिकेट शामिल होता थे। हर गली मुहल्ले में गुजरते हुए इन खेलों का जोश, इनसे मिलने वाली खुशी और इनमें जीतने का जज्बा चेहरों पर जो उत्साह छलकाता था, आज भी है लेकिन वो गलियों वाले फक्कड़ी अंदाज में नहीं। दिल्ली के अस्सी वर्षीय सुमेर सिंह बताते हैं कि उस वक्त खेलने के लिए संसाधनों की जरूरत नहीं होती थी। बस दोस्तों का जज्बा काफी था। जो मिलता था उसी से खेल लेते थे। याद करते हुए उनके चेहरे पर बाल सुलभ चंचलता उभर आती है और बताते हैं जब वे छोटे थे तो क्रिकेट खेलने में जो मजा था आज वह आइपीएल या विश्वकप देखने में भी वो फील नहीं आ पाता।

घरों से निकली दोस्तों की टोली बगैर मोबाइल के भी तय समय पर बगैर किसी सूचना के लोकेशन पर होती थी। यह भी एक तरह की टेलीपैथी थी। कैसे माडल टाउन के घर की हर दीवार विकेट के तौर पर दिखती थी। कैसे लकड़ी का एक टुकड़ा बैट बन जाया करता था और कैसे कपड़ों को इकट्ठा करके बाल तैयार हो जाती थी।

खेल शुरू होने से पहले की इन तैयारियों में जितना आनंद आता था वह आज के बच्चे कहां महसूस करते होंगे। उन्हें तो रेडीमेट विकेट, बैट बाल सब मिल जाता है। दिल्ली सरकार से रिटायर कर्मचारी आरएल शर्मा का कहना है कि उनका घर जरा दूरी पर था लेकिन उनके दोस्त रविवार को खेलने के लिए कनाट प्लेस बुलाते थे तो वे पैदल चलकर वहां पहुंच जाते थे।

गुड्डा बना सुपर हीरो, गुडिय़ा हुई स्टाइलिश

आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों का पहला संवाद खिलौना...की बात करते हैं तो उनके भाव, उनका मंतव्य भी बचपन के उन्हीं खिलौनों की याद दिलाता है। जिनके साथ आप और हम खेलकर बड़े हुए। खेल-खिलौने रिश्तों को भी परिभाषित करते थे। तभी तो जब उस जमाने में गुड्डे-गुडिय़ा की शादी होती थी, उसमें लड़कियां ही नहीं, बल्कि लड़के भी शामिल होते थे। वहां तब रिश्तों में मधुरता बढ़ती थी। अपनेपन का एहसास बढ़ता था और रिश्तों की अहमियत समझ में आती थी। शादी में छोटी शरारतें, छोटी बहनों की चोटियां खींचने और उसे चिढ़ाने का जो मजा था वह अब अकेले कमरे में बैठकर बार्बी के साथ लेना थोड़ा मुश्किल है लेकिन इस बदलाव के साथ आज की पीढ़ी खेल-खिलौनों की दुनिया में एक अलग तरह की जिंदगी का अनुभव कर रही है।

अब गुडिया स्टाइलिश हुई तो अपना गुड्डा भी पीछे क्यों रहता, वह सुपरमैन, हीमैन और फिर नोबिता, डोरेमोन और शिनचैन बन गया। खिलौना विक्रेता अमित बताते हैं कि वे खिलौने बेचते हैं बाजार भी बढ़ा है पहले के पारंपरिक खेल-खिलौने टेक्नोलाजी और आधुनिकता में बदल गए हैं लेकिन कहीं न कहीं उस जमाने के खेलों की कमी तो सालती ही है।

बदलाव का गवाह खिलौनों की सबसे पुरानी दुकान

कनाट प्लास के इनर सॢकल पर जाएं तो कोने की एक छोटी सी दुकान नजर आती है। दुकान भले ही छोटी हो लेकिन बाहर के बोर्ड से लेकर अंदर की कहानियों तक में दिल्ली का इतिहास, हर दौर के खिलौनों की चमक और शाही ग्राहकों के गौरव की बानगी होती है। 1935, रामचंदर एंड संस नाम की इस दुकान में खिलौनों से ज्यादा कहानियां हैं। कहानियां लकड़ी और टिन के बने खिलौनों की, उस दौर में भी एडवांस विदेशी टेक्नोलाजी की और संस्कारों और ग्राहकों को भगवान मानने की परंपरा की। अतीत के उन पन्नों की भी जब कभी महारानी गायत्री देवी तो कभी महाराजा भरतपुर, महाराजा पटौदी हों या फिर अवध के नवाब, हर कोई यहां खिलौनों की खरीदारी के लिए आता है। 85 वर्षीय सतीश बताते हैं कि जब शाही ग्राहक आते थे तो वे दो भाई दरवाजे पर खड़े रहते थे। वे देखते थे कि कैसे राजा महाराजा उनके पिता सामान्य लोगों की तरह बात करते थे। उनके व्यक्तित्व की सादगी महसूस ही नहीं होने देती थी कि वे शाही हैं।

बचपन में नहीं मिलते थे खिलौने

भले ही उनकी दुकान पूरे देश में देश-विदेश के खिलौनों के लिए मशहूर रही लेकिन उन्हेंं यह खिलौने नहीं मिलते थे। उनका कहना है कि अगर वे कह भी देते थे तो उन्हेंं मार पड़ती थी। बताते हैं कि वे संयुक्त परिवार में रहते थे। उनके हमउम्र भाई बहनों की संख्या अधिक थी और पिता जी को लगता था कि अगर उन्हेंं खिलौना दिया तो औरों को भी देना होगा। ऐसे में वे मां की शरण में जाते, उनसे गुड्डे-गुडिय़ा बनवाते, गेंद बनवाते और उसे से खेलते थे। उन्हीं के दौर में नहीं, बल्कि उनके बेटे अमित के बचपन में भी यही स्थिति थी। वे भी घर पर बनाए गए खिलौनों से खेलते थे। उन्हेंं दुख होता है कि आज के खिलौनों में भारतीय खिलौने दस प्रतिशत भी नहीं हैं। और उम्मीद भी जताते हैं कि शायद प्रधानमंत्री ने जिस नजरिए से बच्चों के जीवन में खेल-खिलौनों को देखा...उससे परिवर्तन की कहीं बयार दिखे।

खिलौनों ने चढ़ी टेक्नोलाजी की सीढिय़ां

सतीश सुंदरा के मुताबिक शुरुआत कपड़ों और लकड़ी के खिलौनों से हुई थी। इसके बाद परिवहन पर आधारित खिलौने बनने लगे और विदेशी माडल की गाडिय़ों के खिलौने बहुत पसंद किए जाने लगे। टिन से बने यह खिलौने अमेरिका और इंग्लैंड से आते थे। लकड़ी के खिलौने वाराणसी से मंगवाए जाते थे। इसके बाद टेक्नोलाजी समृद्ध हुई, टीवी में कार्टून, सुपरहीरो और एक्शन स्टार्स का जलवा छाने लगा तो इस तरह के खिलौने बनने लगे। ताइवान और चीन जैसे देशों से खिलौने आयातित होने लगे और खिलौना बाजार इस नई टेक्नोलाजी से फलने फूलने लगे।

कुछ सिखाते, कुछ जताते

देश में बनने वाले खिलौनों के पीछे सोच होती थी तो विदेश में बनने वाले खिलौनों में स्टाइल और टेक्नोलाजी का बोलबाला था। जब यहां रस्सियां, कंकड़ों और खराब टायरों से बचपन खिलखिलाता था जब विदेशी खिलौना बाजार तकनीक की सीढ़ी लगाकर बचपन को समृद्धि की परिभाषा में बदल कर रहे थे। 1932 से 1935 के दौर में भी कार बनती थीं, परिवहन के अन्य खिलौनों में विभिन्न कंपनियों के दोपहिया और चार पहिया वाहन बनते थे और वे विदेश से मंगवाए जाते थे। उनके पास आज भी 1932 की रोल्सरोयस, फीयट और मर्सेडीज जैसी कार के टिन खिलौनों का कलेक्शन है। अगर आपको लड्डू नचाकर हथेली पर लेने की बचपन की वह चाह उत्पन्न होती है तो एक बार इस दुकान पर जरूर जाएं, लकड़ी से लेकर उस समय टिन से बनाए गए स्प्रिंग के लट्टू एक अजीब सा सुकून देते हुए बचपन की उन गलियों में ले जाते हैं जहां कभी इन्हीं खिलौनों में हमें अपना पूरा जहान नजर आता था।

सतीश बताते हैं कि अंग्रेजों और शाही परिवारों को उस समय आने वाली टिन की बनी बड़ी पैडल कार बहुत लुभाती थीं। वे अपने बच्चों के लिए ले जाया करते थे। उस समय खिलौने एक सोच के साथ बनाए जाते थे। जिनसे कुछ सीख मिले, नजरिया बने और व्यक्तित्व और मानसिक विकास हो सके। सीख देने वाले खिलौनों में एक था गुल्लक जो आज हाइटेक पिग्गी बैंक बन चुका है। दिल्ली में जब आसपास के इलाकों से मिट्टी के गेरुए गुल्लक आते थे उस समय यूरोप से विभिन्न डिजाइनों और रंगीन फोटो के साथ स्टाइलिश गुल्लक बनने शुरू हो गए थे। सतीश बताते हैं कि यहां के कुम्हार भी धीरे-धीरे अपनी गुल्लकों का आकार प्रकार बदलने लगे और उसे गेरुए की जगह विभिन्न रंगों से सजाने लगे। यह गुल्लक विदेशी बाजारों में टिन के बनते थे। आज तो प्लास्टिक के गुल्लक रचनात्मकता का खूबसूरत नमूना बन बच्चों को लुभा रहे हैं।

परिवहन का जलवा

कनाट प्लेस के खिलौने की दुकान पर आए मनोहर लाल बीच में बात करते हुए बोल पड़ते हैं कि उनकी जानकारी के मुताबिक खिलौने सभ्यताओं के साथ ही शुरू हो गए थे। उस समय की हाथगाडिय़ां फिर बैलगाडिय़ों से लेकर कार और जेट तक पहुंचे खिलौने कभी घरों में आसानी से बन जाया करते थे। कपास के, धान और गेहूं के डंथलों और छिलकों से मां कैसे सुंदर चारपाई और गाडिय़ां तैयार कर देती थीं। वे और उनके दोस्त लकडिय़ों से गाडिय़ां बनाते थे। इससे दिमागी विकास के साथ साथ रचनात्मकता भी बढ़ती थी। शायद इसीलिए प्रधानमंत्री भी बार-बार खेल-खिलौनों में छिपी रचनात्मकता की बात करते हैं।

फरुखनगर स्थित ट्रांसपोर्ट म्यूजियम के संचालक तरुण ठकराल का कहना है कि उनके पास शुरुआत से लेकर वर्तमान तक के परिवहन संबंधित खिलौने हैं। आज म्यूजियम में जब माता पिता बच्चों को लेकर आते हैं तो वे अपने बचपन की यादों में खो जाते हैं। बच्चों की पैडल कार 1890 में यूरोप में बनाई जाने लगीं। उस दौर की मोटर कार पर आधारित कार थीं। तरुण ठकराल बताते हैं कि उस समय लोगों की पसंदीदा डिजाइन की कार बनाई जाती थीं। पहली पैडल कार साइकिल के सिद्धांत पर बनाई गई थी। फिर 920 और 1930 में इस तरह की कार व्यवसायिक रूप से बनाई जाने लगीं। उस समय जीएंड एंप, जे लाइंस आफ लंदन जैसी कंपनियां बनाती थीं। 1940 में इन कार का निर्माण द्वितीय विश्वयुद्ध के कारण कम हो गया था। 1950 में चेन से चलने वाली कार बनने लगीं।

सतीश के मुताबिक यह विशेष प्रकार की कार दिल्ली में वायसराय, पूंजीपतियों और राजा-महाराजाओं के घरों में जाया करती थीं। अगर बात करें दिल्ली की आम जनता की तो वे इन कारों से प्रेरित होकर लकड़ी के खिलौने बनाकर और उनसे खेल कर खुश हो जाया करते थे। दिल्ली की गलियों तो टायरों और खराब पहियों के साथ बच्चों की टोलियां निकला करती थीं और उनकी हंसी की गूंज महलों और भवनों के अंदर की गूंज से कहीं अधिक उत्साही थी।

भीम की गदा से युद्ध के टैंकर तक का सफर

खिलौनों की बात करें और इसका पौराणिक संबंध न देखा जाए तो बात अधूरी होगी। पौराणिक इतिहासकार मनीष के गुप्ता का कहना है कि खिलौनों की शुरुआत भी पौराणिक और दिल्ली से जुड़ी है। कृष्ण की गेंद, उनका चक्र, उनकी बांसुरी, भीम की गदा, अर्जुन का धनुष बाण यह सब भी तो खिलौने ही थे। मनीष कहते हैं कि पहले खेलने की उम्र में बच्चों को शस्त्र विद्या दी जाती थी, तो यही अस्त्र-शस्त्र उनके खिलौने होते थे। उस दौर से शुरू हुआ इनका चलन आज भी जिंदा है। हां, इतना जरूर हुआ है कि गदा में लाइट लग गई, धनुष बाण आटोमेटिक हो गए।

पौराणिक कथाओं को मानें तो जब भीम के पुत्र घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक ने भगवान कृष्ण से युद्ध देखने का अनुरोध किया तो उन्होंने उन्हेंं एक ऊंचे स्थान पर बैठकर देखने को कहा। यह स्थान संभवत: दिल्ली स्थित अरावली पहाड़ी थी। बर्बरीक दूरदृष्टि रखते थे और उन्हेंं कुरुक्षेत्र से यह युद्ध दिखाई दिया था। आज भी हथियारों का खिलौना बाजार पर पूरा प्रभाव दिखता है। आज के दौर की बंदूक, टैंकर और मिसाइल जैसी चीजें खिलौनों के रूप में दिखती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।