यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजवर्धन आजाद की नीम का शहद में है वर्णित जीवन के हर आयामों का चित्रण
कृति प्रवृत्ति परछाईं पीढ़ियाँ परिवार परमेश्वर के साथ स्व से शिखर तक डॉ. आज़ाद की कविताओं में उपस्थित हैं। उनकी चिन्ता यह भी है कि जिनके कंधों पर देश को विकसित करने की जिम्मेवारी है वे स्वयं बीमार हैं अर्थात अयोग्य हैं। ‘बीमार है मुल्क’ कविता में वे लिखते हैं—‘बीमार है मुल्क/बीमार हैं कुर्सियाँ/बीमार हकीम से/हम दवा पूछ रहे हैं।’

नई दिल्ली, जागरण डेस्क। नीम का शहद पुस्तक महज़ कुछ पृष्ठों की पुस्तक न होकर ज़मीनी स्तर पर, यथार्थ पर निर्भर काव्य पुस्तक है। हिन्दी काव्य जगत में राजवर्धन आज़ाद द्वारा लिखित यह पुस्तक काल्पनिकता और हक़ीक़त के समागम को साफ़ बयाँ करती है। एक कुशल नेत्र चिकित्सक यहाँ समर्थ कवि के रूप में अपनी नायाब पुस्तकरूपी सफलता के साथ आगमित हुए हैं। कवि कर्म का सम्बन्ध हृदय से भी है। जो व्यक्ति मनुष्य की आँखों की रोशनी लौटाता है, वह हृदय से कितना संवेदनशील होगा इसका प्रमाण यह कविता-संग्रह है। ‘नीम का शहद’ कवि डॉ. राजवर्धन आज़ाद के अनुसार एक नवीन प्रयोगधर्मिता का उदाहरण है।
राजवर्धन आज़ाद एक कुशल नेत्र चिकित्सक के अलावा एक समाजसेवी भी है। पी. डब्ल्यू. मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने के बाद इन्होंने भारत के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज एम्स से ऑप्थमोलॉजी में एमडी की डिग्री प्राप्त की। राजवर्धन आज़ाद ने अपनी उच्चतर शिक्षा कई विदेशी कॉलेजों से भी की है जिनमे रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जनस, एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी है। आज़ाद ना सिर्फ एक काबिल नेत्र चिकित्सक है, बल्कि एक शिक्षाविद के रूप में भी इनकी सेवा प्रशंसनीय है। इन्होंने डॉ. आर पी सेंटर फॉर ऑप्थलमिक साइंस, एम्स के प्रमुख की हैसियत से समाज के गरीब और पिछड़े तबके के लोगो की काफी मदद की है। भारत सरकार के नेशनल ब्लाइंडनेस प्रोग्राम के सलाहकार की हैसियत से इन्होंने ना सिर्फ इस प्रोग्राम को और बेहतर किया है बल्कि चाइल्डहुड ब्लाइंडनेस प्रोग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई है। राजवर्धन आज़ाद भारत के पहले नेत्र चिकित्सक है जिन्होंने प्रतिष्ठित एशिया पैसिफिक अकादमी ऑफ ऑप्थमोलोजी के अध्यक्ष पद को सुशोभित किया है। आज़ाद को भारत के माननीय राष्ट्रपति के ऑनरेरी फिजिशियन के रूप में भी नामित किया गया है। राजवर्धन आज़ाद जी की साहित्यिक यात्रा भी काफी विविध है। ये अपने लघु कथा संग्रह; सोने का हाथ के लिए काफी चर्चित रह चुके है। ये एक उच्च कोटि के कहानीकार होने के साथ एक कवि के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है। इनकी अंग्रेजी कविताओं का संग्रह; पोएम्स ऑन बोर्ड भी प्रकाशित हो चुकी है।

नीम का शहद, राजवर्धन आज़ाद की हिंदी कविताओं की पहली पुस्तक है। अपनी भावनाओं को सूत्रों में अभिव्यक्त करना या यूँ कहें कि कम शब्दों में अधिक भावों को पिरोना आज़ाद जी कविताओं की खासियत है। मुक्त छंद के कवि डॉ. आज़ाद की भावनाएँ सूक्ष्म हैं। कवि बताते हैं, कि कविता के केन्द्र में मनुष्य का जीवन है। विभिन्न भाव-भंगिमाओं से परिपूर्ण डॉ. आज़ाद की कविताएँ पृथ्वी से जन्नत तक की उड़ान भरती हैं। व्यक्ति, परिवार, समाज, राज्य, देश-विदेश की गतिविधियाँ कविता के मुख्य सरोकारों में शामिल हैं। प्रकृति, प्रवृत्ति, परछाईं, पीढ़ियाँ, परिवार, परमेश्वर के साथ स्व से शिखर तक डॉ. आज़ाद की कविताओं में उपस्थित हैं। देश एवं देश की परिस्थितियों को लेकर डॉ. आज़ाद चिन्तित रहते हैं। उनकी चिन्ता यह भी है कि जिनके कंधों पर देश को विकसित करने की जिम्मेवारी है, वे स्वयं बीमार हैं; अर्थात अयोग्य हैं। ‘बीमार है मुल्क’ कविता में वे लिखते हैं—‘बीमार है मुल्क/बीमार हैं कुर्सियाँ/बीमार हकीम से/हम दवा पूछ रहे हैं।’ उनकी कविता दुनिया में हो रहे पल-पल बदलाव की ख़बर रखती है। साथ ही संस्कृति के अवमूल्यन के प्रति सचेत भी करती है। एक कवि संवेदनशील संस्कृतिकर्मी भी होता है, इसलिए संस्कृति के अवमूल्यन से उनका चिन्तित होना स्वाभाविक है। राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में जीवन के विभिन्न रूपों का सचित्र वर्णन करती है।