दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम, आज रिमझिम फुहारों के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कई दिनों से हिमालय की पहाड़ियों में मानसून ट्रफ की स्थिति बदल रही है। ऊपरी हवा में कम दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। सावन बीत गया, भादो के भी दस दिन गुजर गए हैं, लेकिन बादल हैं कि झूमकर बरसने को तैयार ही नहीं हैं। कुछ दिनों से तो काली घटाएं आती हैं और बस छा कर चली जाती हैं। ऐसे लगता है कि जैसे बादल रूठ गए हैं। बृहस्पतिवार को तो तेज धूप और उमस ने जून की गर्मी याद दिला दी। दिल्ली दिन भर उमस से परेशान रही तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया।
बीच-बीच में बादल छाए जरूर, मगर बरसे नहीं। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं। बृहस्पतिवार को सुबह से ही सूरज आग बबूला नजर आया। धूप काफी तेज थी। बिना छाया के घर या दफ्तर से बाहर निकल पाना मुश्किल सा रहा। शाम तक गर्मी की कमोबेश यही स्थिति बनी रही।
बीच-बीच में काली घटाएं छाईं तो लगा कि अब बारिश होगी, लेकिन वे उल्टे पैर वापस चली गईं। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक (37.2) और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक (29.2) दर्ज किया। नमी का स्तर अधिकतम 71 और न्यूनतम 46 फीसद रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कई दिनों से हिमालय की पहाड़ियों में मानसून ट्रफ की स्थिति बदल रही है। ऊपरी हवा में कम दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है। ऐसे में एक- दो दिन में दिल्ली-एनसीआर का मौसम थोड़ी करवट ले सकता है।
हालांकि इस दौरान झमाझम बारिश के आसार कम हैं। जहां तक शुक्रवार का पूर्वानुमान है तो सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। गर्जन बाले बादल बनने और शाम या रात के समय रिमझिम फुहार पड़ने के भी आसार हैं। अधिकतम और न्यनतम तापमान क्रमश: 37 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।