Delhi Weather Forecast: बारिश ने तोड़े कई रिकॉर्ड, दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन; विमान में घंटों फंसे रहे यात्री
Delhi Weather Forecast पिछले 24 घंटों के दौरान हुई झमाझम बारिश ने ठिठुरन भरी ठंड ही नहीं बढ़ाई बल्कि 22 से 52 साल तक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसके बाद रविवार व सोमवार को घना कोहरा रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान हुई झमाझम बारिश ने ठिठुरन भरी ठंड ही नहीं बढ़ाई बल्कि 22 से 52 साल तक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। यही वजह रही कि शुक्रवार को दिनभर ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक दो दिन के बाद कोहरे में इजाफा होगा इसके अलावा मंगलवार और बुधवार से पहाड़ों की बर्फीली हवाओं का असर भी दिल्ली में देखने को मिलेगा।
वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि सफदरजंग में 33.5 मि.मी. बारिश हुई है। इससे पूर्व सफदरजंग में दिसंबर 1997 में 70 मि.मी. बारिश हुई थी। इसके बाद यह सर्वाधिक बारिश है। सफदरजंग का ऑल टाइम रिकार्ड 3 दिसंबर 1923 के नाम है जब 75.5 मि.मी. बारिश हुई थी। इसी तरह पालम की बारिश ने तो 52 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान 40.2 मि.मी. बारिश हुई। इससे पूर्व 3 दिसंबर 1967 को 33.7 मि.मी. बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान महज 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। बारिश की वजह से हवा में नमी का स्तर भी 90 से 100 फीसद तक रहा।
मौसम की खराबी का असर, विमान में आई दिक्कत
खराब मौसम और विमान में तकनीकी खराबी के कारण आइजीआइ एयरपोर्ट से जाने वाली स्पाइस जेट की दो उड़ानों के यात्रियों को शुक्रवार को घंटों परेशानी उठानी पड़ी। आइजीआइ से कोयंबटूर जाने वाली उड़ान में खराबी आने से 190 यात्री ढाई घंटे तक विमान के अंदर फंसे रहे। वहीं, अन्य मामले में मौसम खराब होने के कारण दूसरी फ्लाइट को लेकर आ रहे पायलट को देरी हो गई। इसकी वजह से मुंबई जाने वाली उड़ान को करीब दो घंटे देरी से उड़ाया गया। कंपनी ने यात्रियों को हुई इस परेशानी पर खेद जताया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह स्पाइस जेट की उड़ान एसजी-8561 को कोयंबटूर के लिए रवाना होना था। इसके यात्री साढ़े आठ बजे उड़ान में बैठने शुरू हो गए थे। यात्रियों के बैठने के बाद जब विमान रनवे की तरफ बढ़ा तो पायलट को उसमें तकनीकी खराबी का पता चला। बाद में दूसरे विमान से यात्रियों को करीब दो घंटे बाद रवाना किया गया।
उधर स्पाइस जेट की ही दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या एसजी-8723 ने पायलट न होने से करीब दो घंटे देरी से उड़ान भरी। मौसम खराब होने से किसी अन्य फ्लाइट को लेकर आ रहे पायलट को आने में देरी हो गई। इसके बाद साढ़े आठ बजे जाने वाली उड़ान को करीब साढ़े दस बजे रवाना किया गया। देरी की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी हुई।