Delhi Weather Update: बारिश-हवा से फिर बढ़ी ठंड, तापमान में चार डिग्री तक आई गिरावट
Delhi Weather Update मौसम विभाग के अनुसार अभी एक दो दिन ऐसी ही ठंड रहेगी लेकिन उसके बाद तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Weather Update : बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर के मौसम में तेजी से बदलाव आया है। शनिवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड का अहसास हुआ। बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार सुबह तक बारिश कहीं हल्की तो कहीं तेज रही। तेज हवा भी दिनभर चलती रही, जिससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने के कारण ठंड बढ़ गई जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अभी एक दो दिन ऐसी ही ठंड रहेगी, लेकिन उसके बाद तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 74 से 100 फीसद रहा। बारिश 1.8 मिलीमीटर दर्ज हुई। शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह धुंध रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 एवं 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई बारिश का दौर अब खत्म हो गया है।
रविवार से आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद तापमान में वृद्धि होगी। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक एक दो दिन ठंड का एहसास होने के बाद गर्माहट का एहसास होने लगेगा।
सामान्य स्तर पर पहुंचा एयर इंडेक्स
बारिश और शुक्रवार को दिन भर चली तेज हवा से दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण सामान्य स्तर पर आ गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 144 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 127, गाजियाबाद का 162, ग्रेटर नोएडा का 159, गुरुग्राम का 146 और नोएडा का 156 दर्ज किया गया। सभी जगहों की हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई।