विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार, दिल्ली-NCR में भी बदलेगा मौसम; IMD ने दिया सप्ताह भर का अपडेट

Published: Mon, 11 Mar 2024 06:00 AM (IST)

मौसमी उतार चढ़ाव के बीच रविवार को भी जहां सुबह का तापमान सामान्य से नीचे रहा वहीं दिन के तापमान ...और पढ़ें

पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार, दिल्ली-NCR में भी बदलेगा मौसम
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार, दिल्ली-NCR में भी बदलेगा मौसम

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच रविवार को भी जहां सुबह का तापमान सामान्य से नीचे रहा, वहीं दिन के तापमान में वृद्धि देखने को मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार से सुबह के तापमान में भी वृद्धि होगी। यह बात अलग है कि बुधवार को एक बार फिर मौसम बदल सकता है।

रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार छह दिन से यह नौ से 10 डिग्री के बीच ही चल रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 84 से 29 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ।

दो दिन बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार एवं मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 से 30 और 12 डिग्री रह सकता है। मंगलवार रात से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा।

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी

इसके चलते 13 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी देखी जा सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में भी 13 मार्च को 25 से 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। विभिन्न इलाकों में हल्की वर्षा देखी जाएगी।

मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि दिल्ली में बुधवार को हल्की वर्षा होने से तापमान में फिर कमी आएगी। ऐसे में शुक्रवार से तापमान दोबारा से बढ़ने लगेगा। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास जबकि न्यूनतम 13 डिग्री तक चले जाने के आसार हैं।

मार्च में ठंड बरकरार

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस बार दिल्ली में अभी तक ठंड बरकरार है। मार्च के पहले 10 दिनों में तापमान सामान्य से नीचे ही है। ऐसा पहाड़ों पर एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुआ है। चूंकि बीते दिनों मैदानी इलाकों में भी वर्षा-ओलावृष्टि देखी गई है। इससे तापमान सामान्य से नीचे ही बना हुआ है। अब जबकि तापमान धीरे-धीरे फिर बढ़ रहा है, एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है।

दूसरी तरफ दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी ''मध्यम'' श्रेणी में ही चल रही है। रविवार को भी एक्यूआइ 200 से नीचे 182 रिकॉर्ड किया गया। अभी अगले दो तीन दिन वायु गुणवत्ता का यही स्तर बने रहने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।