नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली शराब घोटाला मामले सीबीआई द्वारा मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप विधायक आतिशी और सौरभ भारद्वाज को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। आतिशी ने मंत्रालय संभालते एक्शन मोड में आते हुए दिल्ली में चल रहे विकास कार्यों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। अब शनिवार को आतिशी चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर जारी मेंटेनेंस कार्य का निरीक्षण करने पहुंची हैं।
पीडब्यूडी अधिकारियों संग किया निरीक्षण
आतिशी ने चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के निरीक्षण की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर तस्वीरें साझा कर दी है। इन तस्वीरों में आतिशी पुलिस ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर रही हैं और मेंटेनेंस कार्य पर चर्चा कर रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि आम लोगों को ट्रैफिक जाम से जल्द निजात मिले इसके लिए PWD चिराग फ्लाईओवर पर दिन-रात युद्धस्तर पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री @ArvindKejriwal जी के आदेश पर आज चिराग दिल्ली फ़्लाइओवर में जारी मेंटेनेन्स कार्य का PWD और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
आम लोगों को ट्रैफिक जाम से जल्द निजात मिले इसके लिए PWD यहाँ दिन-रात युद्धस्तर पर काम कर रही है। pic.twitter.com/3TxMm6cI5P
— Atishi (@AtishiAAP) March 18, 2023
आपको बता दें कि पीडब्ल्यूडी दिल्ली समय-समय पर जरुरत के अनुसार, फ्लाईओवरों की मरम्मत का कार्य करती है। इसी दिशा में वर्तमान में चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाईओवर के एक हिस्से को बंद किया गया है। इस कारण उस पर ट्रैफिक बढ़ गया है।
जल्द काम पूरा करने के दिए निर्देश
पीडब्ल्यूडी के अनुसार मरम्मत का कार्य पूरा करने में 50 दिन का समय लगेगा,लेकिन पीडब्ल्यूडी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मरम्मत के काम को दोगुनी रफ़्तार से करते हुए उसे महीने भर के भीतर पूरा किया जाए।