दिल्ली : मेयर ने अपने दादा के नाम किया रोड का नामकरण, विपक्ष ने बोला हमला
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष अनिल लाकड़ा का कहना है कि महापौर द्वारा अपने दादा के नाम से रोड का नाम रखा जाना गलत है। हम इसका पूरा विरोध करते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (North Delhi Municipal corporation) के महापौर आवास की सड़क का नाम बदल गया है। अब यह सड़क लांसर रोड तिमारपुर की बजाय श्रीगोपाल गुप्त तिमारपुर के नाम से जानी जाएगी। श्रीगोपाल गुप्त महापौर आदेश गुप्ता के दादा भी है। इस पर विपक्ष ने इस पर सवाल खड़े करते हुए आपत्ति जाहिर की है।
रविवार को तिमारपुर स्थित मशहूर लांसर रोड का नाम बदलकर अब श्रीगोपाल गुप्त कर दिया गया। इस सड़क के नाम का उद्घाटन दिल्ली भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू और महापौर आदेश गुप्ता ने किया। महापौर आदेश गुप्ता का कहना है कि श्रीगोपाल गुप्त केवल उनके दादा ही नहीं बल्कि एक स्वतंत्रता सेनानी भी है।
उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश की विभिन्न जेलों में लगातार छह वर्षों तक स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ते हुए जेल में काटे, इसलिए लांसर रोड का नाम बदलकर श्रीगोपाल गुप्त रखा गया है। इससे लोग भ्रमित होते थे।
उत्तरी दिल्ली में नेता विपक्ष अनिल लाकड़ा का कहना है कि महापौर द्वारा अपने दादा के नाम से रोड का नाम रखा जाना गलत है। हम इसका पूरा विरोध करते हैं। अगर रोड का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से रखा जाता तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होती।
उल्लेखनीय है दिल्ली की तीनों नगर निगम में केवल उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर को सरकारी आवास मिलता है। जिसका पता 1,लांसर रोड हुआ करता था, लेकिन अब वह 1, श्रीगोपाल गुप्त के नाम से जाना जाएगा।