विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में चलती कार के नीचे से सड़क खिसकी, गड्ढे में समाई पुलिस कांस्टेबल की कार; देखें तस्वीरें

By Mangal YadavEdited By:
Published: Mon, 19 Jul 2021 08:49 PM (IST)

गड्ढ़ा इतना बड़ा था कि महज कुछ सेकंड के अंदर ही पूरी आइ-10 कार उस गड्ढे में समा गई। आसपास ...और पढ़ें

दिल्ली में चलती कार के नीचे से सड़क खिसकी
दिल्ली में चलती कार के नीचे से सड़क खिसकी

नई दिल्ली [भगवान झा]। बारिश के दौरान अगर आप दिल्ली की सड़कों पर यात्रा कर रहे हैं तो संभल जाइयेगा। हो न हो कहीं चलती गाड़ी ही गड्ढे में न समा जाये और जान पर बन आए। ऐसा ही एक मामला द्वारका इलाके में देखने को मिला। दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अश्वनी अपनी कार से द्वारका सेक्टर 18 स्थित अतुल्य चौक से गुजर रहे थे। इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ उनकी कार के नीचे की सड़क धंस गई।

गड्ढ़ा इतना बड़ा था कि महज कुछ सेकंड के अंदर ही पूरी आइ-10 कार उस गड्ढे में समा गई। आसपास गुजर रहे वाहन चालकों ने अचानक हुई जोरदार आवाज के बाद अपने वाहन रोके और कार का शीशा तोड़कर कांस्टेबल को बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि कांस्टेबल को ज्यादा चोटें नहीं आई। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को गड्ढे से बाहर निकाला। अश्वनी द्वारका में अपने दोस्त से मुलाकात कर वापस घर की ओर जा रहे थे।

इस घटना के बाद विकास एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। स्थानीय निवासी रमेश मुमुक्षू ने बताया कि यह डराने वाली घटना है।

अगर इस तरह से सड़कें धंसने लगे तो किसी की जान जा सकती है। इस मामले की पूरी जांच हो और जो भी इसमें दोषी हो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही इस मामले की तह में जाकर इसके कारणों को ढूंढा जाये।

उन्होंने कहा कि जहां तक सीवर लाइन की बात है तो यह पूरे द्वारका में सड़क पर है। अगर सीवर लाइन में रिसाव की वजह से यह हादसा हुआ है तो यह गंभीर मसला है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी द्वारका के फुटपाथ इसी तरह भरभराकर कई बार गिर चुके हैं। कई लोग इसमें चोटिल हो चुके हैं।

ऐसे में दिल्ली विकास प्राधिकरण को इन सभी बातों पर गौर करते हुए लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर कदम उठाने चाहिए। इस संबंध में दिल्ली विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता से बात करने की कोशिश की गई लेकिन नहीं हो पाई।