पीएम मोदी के रोड शो को सफल बनाने में जुटी भाजपा, 50 हजार से ज्यादा लोगों की जुटेगी भीड़
प्रधानमंत्री 27 मई को सुबह इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सराय काले खां से यूपी गेट तक खुली जीप में जाएंगे। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग खड़े होकर उनका अभिवादन करेंगे।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम पूरा होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को सफल बनाने में दिल्ली प्रदेश भाजपा जुट गई है। प्रधानमंत्री 27 मई को सुबह इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सराय काले खां से यूपी गेट तक खुली जीप में जाएंगे। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग खड़े होकर उनका अभिवादन करेंगे। भाजपा नेताओं ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
कम समय मेें पूरा हुआ सड़क के चौड़ीकरण का काम
पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक, नई दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को इस आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का कहना है कि इस मार्ग पर लोग रोजाना जाम से जूझते थे। केंद्र सरकार ने बहुत कम समय मेें इस सड़क के चौड़ीकरण के प्रथम चरण का कार्य पूरा कर दिया है। इससे दिल्ली से नोएडा, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में जाने वालों का सफर आसान हो गया है। अब उन्हें जाम से नहीं जूझना पड़ता है। इसलिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने के लिए हजारों लोग सड़क किनारे खड़े रहेंगे।
50 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़
इसकी तैयारी के लिए बुधवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें सांसद महेश गिरी, रमेश बिधूड़ी व मीनाक्षी लेखी सहित प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे। इसमें यह फैसला किया गया कि इन संसदीय क्षेत्रों में पड़ने वाले जिला भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ लोगों के बीच जाएंगे। उन्हें इस उपलब्धि के बारे में जानकारी देंगे। पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी लोगों के बीच जाने को कहा गया है। भाजपा की कोशिश 50 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने की है। इसे ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: विश्वास ने केजरीवाल पर कसा तंज, बोले- कहता था सूरज का पुत्र, लटका फ्यूज बल्बों की झालर में खुद