70 साल का काम चार साल में हुआ, 27 मई को ऐतिहासिक होगी PM मोदी की रैली
चार सालों में मोदी सरकार द्वारा लिया गया सबसे बड़ा फैसला 8 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 के नोटों का विमुद्रीकरण करना रहा।
गाजियाबाद (जेएनएन)। बागपत में 27 मई को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली के प्रभारी व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह रैली को सफल बनाने के लिए बागपत, मुजफ्फरनगर व गाजियाबाद में लगातार बैठकें कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने की अपील की।
इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछले चार साल एवं प्रदेश में सरकार द्वारा डेढ़ में किए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। नेहरू नगर में आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल का उद्घाटन व केंद्र सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर बागपत में प्रधानमंत्री की सभा ऐतिहासिक होगी और गाजियाबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जाएंगे।
जो 70 साल में नहीं हुआ वह चार साल में हुआ पूरा सरकार की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि चार साल के कार्यकाल में मोदी सरकार के किसी मंत्रिमंडल के सदस्य पर कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। कहा जाए तो मोदी सरकार की यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अगर विकास के क्षेत्र में देखा जाए तो जो कार्य देश में पिछले 70 साल में पूरा नहीं हुआ वह भाजपा की केंद्र सरकार ने चार साल में कर दिखाया है।
इन चार सालों में मोदी सरकार द्वारा लिया गया सबसे बड़ा फैसला 8 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 के नोटों का विमुद्रीकरण करना रहा। भारत सरकार का नोटबंदी का फैसला देश की आंतरिक अर्थव्यवस्था में फैले कालेधन के खिलाफ सकारात्मक कदम रहा। आम लोगों से जुड़ी सैकड़ों योजनाओं का मिल रहा लाभ प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार की कार्ययोजना का लाभ आम लोगों को मिलने लगा है।
चाहे वह स्वच्छता के क्षेत्र में शौचालय योजना हो या उज्जवला योजना का गरीब परिवारों को लाभ। गरीबों को छत देने के लिए प्रधानमंत्री ने वायदा किया है कि 2022 तक कोई भी व्यक्ति बिना छत के नहीं रहेगा। यह वर्तमान में प्रदेश में 22 लाख मकान गरीबों के लिए बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा किसानों एवं कन्याओं के लिए भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
बैठक के दौरान महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी द्वारा महानगर संगठन कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें रैली की तैयारियों एवं संगठन की आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।