यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pragati Maidan Tunnel: नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी, सफर होगा और आसान
Pragati Maidan Tunnel इस सुरंग की एक अनोखी बात यह है कि पार्किंग स्थल के दोनों ओर से यातायात की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्य सुरंग सड़क के नीचे दो क्रास सुरंगों का निर्माण किया गया है।

नई दिल्ली, जागरण टीम। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद से रोजाना दिल्ली आना-जाना होता है तो यह खबर आपके बेहद काम की है। रविवार से प्रगति मैदान टनल वाले 6 नए अंडरपास की शुरुआत होने जा रही है, जिससे आपका सफर अगले कुछ घंटों के बाद और आसाना हो जाएगा।
नहीं लगेगा भैरों सिंह मार्ग पर जाम
प्रगति मैदान टनल वाले 6 नए अंडरपास के शुरू होने से जहां आइटीओ क्षेत्र, मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर यातायात जाम कम हो जाएगा। यहां पर रोजाना वाहन चालकों का 15 से 20 मिनट का समय बचेगा, इसके साथ ही ईंधन की भी बचत होगी।
आइटीओ पर घटेगा जाम
अभी आइटीओ डब्ल्यू प्वाइंट से रोजाना करीब 3.5 लाख गाड़ियां गुजरती हैं। अंडरपास और सुरंग सड़क से यातायात शुरु होने के बाद जिन्हें नई दिल्ली, मध्म दिल्ली की ओर से मयुर विहार, नोएडा या पूर्वी दिल्ली या गाजियाबाद, नोएडा आदि इलाके में आना जाना है, वे अब आइटीओ या भैरों मार्ग से न होकर सुरंग सड़क का उपयोग करेंगे।
इससे आइटीओ डब्ल्यू प्वाइंट से लेकर लाला रामचरण अग्रवाल चौक से लेकर आइटीओ इलाके में विकास मार्ग पर जाम कम होगा। इसका नतीजा यह होगा कि आइटीओ और भैरो मार्ग पर गाड़ियों की भीड़ से बड़ी राहत मिल सकेगी।
मुख्य सुरंग सड़क के नीचे दो क्रास सुरंग मुख्य सुरंग पुराना किला रोड के माध्यम से रिंग रोड को इंडिया गेट से जोड़ती है। छह लेन में इस विभाजित सुरंग के कई उद्देश्य हैं, जिसमें प्रगति मैदान की बेसमेंट पार्किंग तक पहुंच शामिल है।
भैरों मार्ग सिग्नल फ्रीइस परियोजना के तहत मथुरा रोड भी सिग्नल फ्री कर दिया गया है। आइटीओ डब्ल्यू प्वाइंट से लेकर डीपीसी मथुरा रोड पर छह लालबत्तियों को हटा दिया गया है। अब इस मार्ग को सिग्नल फ्री कर दिया गया है। इसके लिए आइटीओ से लेकर सुंदर नगर तक चार अंडरपास बनाए गए हैं।
पहला अंडरपास सुंदर नगर के पास, दूसरा काका नगर, तीसरा मटकापीर दरगाह और चौथा सुप्रीम कोर्ट के पास बनाया गया है। पांचवा अंडरपास भैरो मार्ग पर बनाया गया है। यह पार्किंग एरिया में आने जाने के लिए है तथा छठा अंडरपास भैरों मार्ग- रिंग रोड टी-जंक्शन पर बनाया जा रहा है।
इस पर अभी काम चल रहा है। इसके शुरू हो जाने से इस क्षेत्र का 70 से लेकर 78 प्रतिशत तक यातायात इस सुरंग सड़क से गुजरेगा इसके शुरू हो जाने से इस क्षेत्र का 70 से लेकर 78 प्रतिशत तक यातायात इस सुरंग सड़क से गुजरने लगेगा।