Delhi Weather News: ठंड से ज्यादा दिन दूर नहीं दिल्ली-एनसीआर, जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बुधवार को हुई बर्फबारी के चलते उत्तर पश्चमी हवाओं से मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसका असर दिल्ली-एसीआर पर भी दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह भी लोगों ने हल्की ठंड महसूस की।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर में तो बृहस्पतिवार की तरह शुक्रवार को दिल्ली में रात का तापमान इस सीजन में पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस के पास आ गया। दिल्ली के कुछ इलाकों में तो तापमान 19 डिग्री तक चला गया और लोगों ने गुलाबी ठंड महसूस की।
पहाड़ी राज्यों के मौसम का दिल्ली पर भी असर
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बुधवार को हुई बर्फबारी के चलते उत्तर पश्चमी हवाओं से मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसका असर दिल्ली-एसीआर पर भी दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह भी लोगों ने हल्की ठंड महसूस की।
बारिश से बढ़ सकती है ठंड
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार से लेकर सोमवार तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने के बाद दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार और बुधवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट से सुबह और रात में बढ़ी ठंडक
इस बीच पिछले दो दिनों से दिल्ली के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह और रात के समय मौसम में थोड़ी ठंडक भी बढ़ी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 34.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 38 से 81 फीसद रहा। जाफरपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
एनसीआर के आधे शहरों में खराब हुई हवा
बदली मौसमी परिस्थितियों और पराली के धुएं के असर से दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को एनसीआर में आधे शहरों का एयर इंडेक्स 100 से ऊपर, जबकि आधे शहरों में 200 का आंकड़ा पार कर गया। हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज की गई गई। सफर इंडिया का कहना है कि अगले तीन दिन वायु प्रदूषण के स्तर में इजाफा संभावित है।
दिल्ली-एनसीआर का एयर इंडेक्स
- दिल्ली - 198
- फरीदाबाद - 211
- गाजियाबाद - 235
- ग्रेटर नोएडा - 241
- गुरुग्राम - 195
- नोएडा - 192