CAA protest: जामा मस्जिद में विरोध-प्रदर्शन करने फिर से जमा हुए लोग, बड़ी संख्या में महिला शामिल
जामा मस्जिद में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में फिर से लोग जमा हो गए हैं। इस विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में महिला एवं बच्चे शामिल हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। CAA Protest in Jama Masjid: जामा मस्जिद में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में फिर से लोग जमा हो गए हैं। इस विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में महिला एवं बच्चे शामिल हैं। ये सभी लोग लाल कुएं से लेकर जामा मस्जिद तक कैंडल मार्च निकाल रहे हैं। ये सभी ईशा की नमाज के बाद प्रदर्शन खत्म करेंगे।
बता दें कि सरकार ने हाल में ही तय किया है कि वह घर-घर जाकर सीएए और एनआरसी पर लोगों को जागरूक करेगी। इसी कड़ी में बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और जेएनयू हिंसा मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सदस्य विजय गोयल के नेतृत्व में सदर बाजार से चांदनी चौक तक पदयात्र निकाली।
पीएम और गृहमंत्री के संकल्प से लागू हुआ एनआरसी
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और दिल्ली चुनाव सह प्रभारी नित्यानंद राय भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सीएए का आधार मानवीय है। यह भारत की परंपरा के अनुसार है। देश के संविधान के अनुरूप और कानून के अनुसार प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के संकल्प से यह लागू हुआ है। देश में अशांति फैलाने के लिए कुछ लोग इसे लेकर भ्रम फैला रहे हैं।
विरोधी पार्टियां देश में हिंसा फैलाना चाहती हैं
राज्यसभा सदस्य विजय गोयल ने कहा कि विरोधी पार्टियां देश में हिंसा फैलाना चाहती हैं, क्योंकि प्रजातांत्रिक तरीके से जनता ने उनको नकार दिया है। लोगों को गुमराह किया जा रहा है। खासतौर से मुस्लिम समुदाय को भड़काया जा रहा है। इसकी गलत व्याख्या करके लोगों को भड़काने वाले देशद्रोही हैं। पहले जामिया और अब जेएनयू में भी कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी और आम आदमी पार्टी हिंसा फैला रही है। ठोस सबूत सामने आए हैं कि जेएनयू की छात्र संघ अध्यक्ष दंगा करा रही थीं।
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाली पदयात्रा
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने मंगलवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। वे यहां मद्रासी कैंप में एक मुस्लिम परिवार के घर जाकर उनके सदस्यों से मुलाकात की। मंत्री ने इस परिवार को इस कानून के बारे में बताया। जावडेकर ने कहा कि सीएए नागरिकता देने का कानून है, किसी व्यक्ति या परिवार की नागरिकता छीनने का नहीं। देश के लोग सीएए का समर्थन कर रहे हैं।
विपक्ष पर लगा दुष्प्रचार का आरोप
इस दौरान भाजपा की प्रवक्ता टीना शर्मा ने स्थानीय निवासियों से कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार यहां के मतदाताओं की अपेक्षा पर खरा नहीं उतर पाई। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताएं, जिससे दिल्ली के चहुंमुखी विकास का रास्ता साफ हो सके। इस अवसर पर दिल्ली कैंट के पूर्व विधायक करण सिंह तंवर, करोलबाग जिला अध्यक्ष भारत भूषण मदान, मंडल अध्यक्ष राम सिंह, अनिल यादव, महामंत्री बीनू, देवदत्त एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल कनौजिया मौजूद रहे।