कोरोना से प्रभावित लोगों की होगी ट्रैकिंग, सरकार की निगाहों में रहेंगे हर पल, यहां पढ़ें ताजा अपडेट
कोरोना संक्रमण की वजह से कुल 776 लोग दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं। इसमें से 112 पॉजिटिव हैं बाकी संक्रमित हो सकते हैं और उनका टेस्ट किया गया है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को डिजिटल पत्रकार वार्ता कर बताया कि बुधवार सुबह तक दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल 120 केस आए हैं। कोरोना संक्रमण की वजह से कुल 776 लोग दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं। इसमें से 112 पॉजिटिव हैं, बाकी संक्रमित हो सकते हैं और उनका टेस्ट किया गया है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। केजरीवाल ने कहा कि 536 लोग जिन्हें निजामुद्दीन मरकज से बाहर लाया गया था, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 1810 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। कुल 2346 लोगों को मरकज से बाहर लाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में ऐसे 25 हजार से ज्यादा लोगों पर उनके मोबाइल नंबरों के जरिए हर वक्त नजर रखी जा रही है। इससे पता चलेगा कि संबंधित व्यक्ति क्वारंटाइन के निर्देशों का पालन कर रहा है या नहीं।
नहीं मान रहे कई लोग क्वारंटाइन
केजरीवाल ने कहा कि कोरोना वायरस का फैलाव रोकने के लिए सभी संदिग्धों को सेल्फ आइसोलेशन या क्वारंटाइन में भेजा गया है। हालांकि देश के तमाम हिस्सों से ऐसे कई केस सामने आ चुके हैं, जिनमें क्वारंटाइन में भेजा गया शख्स बाहर घूमता मिला। अब दिल्ली सरकार ने ऐसे लोगों की निगरानी के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इससे पता चलेगा कि संबंधित व्यक्ति क्वारंटाइन के निर्देशों का पालन कर रहा है या नहीं।
दिल्ली सरकार ने 25,429 मोबाइल नंबरों की हो रही निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर जैसे देशों में तकनीक के जरिए संदिग्धों की निगरानी की गई। इसके लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया। अब हम भी पुलिस की मदद लेकर मोबाइल के जरिए उन लोगों को ट्रेस करेंगे, जिन्हें घर में आइसोलेशन / क्वारंटाइन में रहने के लिए कहा गया था। केजरीवाल ने बताया कि मंगलवार को 11,084 लोगों के मोबाइल नंबर दिल्ली पुलिस को दिए थे। बुधवार को 14,345 फोन नंबर और दिए गए। पुलिस इन मोबाइल नंबरों से ट्रेस करेगी कि संबंधित लोगों ने क्वारंटाइन के निर्देशों का पालन किया है या नहीं।
766 लोग अस्पताल में, 112 ऐक्टिव केस
कोरोना वायरस की वजह से कुल 766 लोग दिल्ली केअस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 112 पॉजिटिव केस हैं बाकी संदिग्ध हैं। 112 मरीजों में से सिर्फ एक वेंटिलेटर पर है। दो ऑक्सिजन पर हैं और 109 की हालत स्थिर है। यानी दिल्ली में 3 मरीजों की स्थिति को गंभीर कहा जा सकता है। दिल्ली के कुल 120 मरीजों में से 112 अभी अस्पताल में हैं। 5 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, 2 लोगों की मौत हो चुकी है और एक व्यक्ति शुरू में ही ङ्क्षसगापुर चले गए थे।