यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का एक कैरिजवे खुला, अब दूसरे पर मरम्मत कार्य हुआ शुरू; 2 चरणों में होगा पूरा
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नेहरू प्लेस से आइआइटी की ओर जाने वाले कैरिजवे के मरम्मत का काम पूरा होने के ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नेहरू प्लेस से आइआइटी की ओर जाने वाले कैरिजवे के मरम्मत का काम पूरा होने के बाद शुक्रवार को यहां वाहन दौड़ते दिखाई दिए। इसे मरम्मत कार्यों के चलते 12 मार्च को बंद किया गया था।
इस ओर जाने वालों को मिली राहत
नेहरू प्लेस से आइआइटी की ओर जाने वाले लोगों को कैरिजवे खुलने से मोदी मिल, कालकाजी, नेहरू प्लेस, सीआर पार्क व ग्रेटर कैलाश की ओर से आइआइटी, वसंत कुंज व मुनिरका इत्यादि की ओर जाने वाले लोगों को जाम से काफी राहत मिली है और वाहन बिना रुके फर्राटा भरते दिखाई दिए। साथ ही आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे पर भी दोपहर तक वाहनों की आवाजाही जारी रही।
दोपहर के बाद इस कैरिजवे के एक लेन को मरम्मत कार्यों के लिए बंद कर दिया गया। इस लेन को छोड़कर मरम्मत कार्यों के दौरान आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर से आने वाले यात्री बाकी बची फ्लाईओवर के ऊपर की एक लेन और नीचे की दो लेन यानी कुल तीन लेन में यात्रा कर सकेंगे।
गौरतलब है कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के पहले कैरिजवे को बंद करने के बाद यातायात के बढ़े दबाव को देखते हुए पीडब्लूडी द्वारा दूसरे कैरिजवे का कार्य दो चरणों में पूरा करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पहले चरण में आइआइटी की ओर से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले इस कैरिजवे के एक लेन का ही मरम्मत कार्य किया जाएगा। वहीं, कैरिजवे का दूसरा लेन यातायात के लिए चालू रखा जाएगा।
इस दौरान आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे के जिस लेन में मरम्मत कार्य किया जाना है, उसे बैरिकेडिंग कर अलग कर दिया जाएगा। इससे फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाले यातायात के साथ ही ऊपर की भी एक लेन से होकर यातायात गुजर सकेगा और यातायात का दबाव कम रहेगा।