नए साल के पहले दिन 'गैस चैंबर' बनी दिल्ली, मुसीबत बनी हवा की गति
सूरज उगने के साथ ही घना कोहरा होने और हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण का स्तर दोपहर तक खतरे के निशान से ऊपर आ गया। शाम होते होते यह और बढ़ गया।
नई दिल्ली [जेएनएन]। नव वर्ष के पहले दिन ही राजधानी कोहरे की चादर से जहां लिपटी रही, वहीं प्रदूषण के स्तर में बेतहाशा वृद्धि के कारण राजधानी गैस के चैंबर में तब्दील हो गई। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर प्रदूषण तत्व पीएम 2.5 का स्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक प्रदूषित रहने वाले स्थलों में से एक आनंद विहार में दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक प्रदूषण का स्तर 500 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर से अधिक दर्ज किया गया। अन्य कई स्थलों पर यह सामान्य से पांच गुना अधिक दर्ज किया गया।
सिस्टम आफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के अनुसार राजधानी में औसतन पीएम 2.5 का स्तर 240 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया। यह रविवार की अपेक्षा 8 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर अधिक है। सफर ने यह आंकड़ा बढ़ने की बात कही है।
मुसीबत बनी हवा की गति
राजधानी में कई स्थानों पर प्रदूषण का स्तर बहुत अधिक दर्ज किया गया। सुबह सूरज उगने के साथ ही घना कोहरा होने और हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण का स्तर दोपहर तक खतरे के निशान से ऊपर आ गया। शाम होते होते यह और बढ़ गया। शाम 4 बजे आनंद विहार में सबसे अधिक पीएम 2.5 का स्तर 586 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: कोहरे की चपेट में दिल्ली-NCR, 300 से ज्यादा विमानों के संचालन पर पड़ा असर
यह भी पढ़ें: नए साल के पहले दिन महाजाम में फंसी दिल्ली, घंटों रेंगती रही गाड़ियां
आनंद विहार में ऐसे बढ़ा पीएम 2.5 का स्तर
सोमवार को 12 से 7 बजे तक क्रमश: बढ़ा प्रदूषण का स्तर
12 बजे- 540
1 बजे- 548
2 बजे- 562
3 बजे- 576
4 बजे- 586
5 बजे- 581
6 बजे- 572
7 बजे- 562
सीपीसीबी के अनुसार शाम 7 बजे प्रमुख स्थानों पर प्रदूषण का स्तर
आनंद विहार- 522
पंजाबी बाग- 445
आरकेपुरम- 381
मंदिर मार्ग- 382
लोधी रोड- 350