हरियाणा के पूर्व सीएम ओपी चौटाला ने मनोहर लाल खट्टर के कामकाज पर उठाया सवाल
ओम प्रकाश चौटाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और भाजपा सरकार की आलोचना की है।
सोनीपत, जेएनएन। इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और भाजपा सरकार की आलोचना की है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार को लुटेरी करार दिया। मनोहर लाल खट्टर के कामकाज पर सवाल उठाते हुए चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास कोई राजनीतिक समझ नहीं है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि वह इस बार विधानसभा चुनाव में जनता के बीच रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जिसे कहेंगे उसे ही पार्टी उम्मीदवार बनाएगी। आजकल चुनाव काफी महंगे हो गए हैं इसलिए वह अपने उम्मीदवारों के लिए झोली फैलाकर आर्थिक मदद मांगेंगे।
इससे पहले चौटाला ने रविवार को भिवानी की जाट धर्मशाला में इनेलो के जिला कार्यकताओं की बैठक को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि रुठे हुए कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जाएगा। चौटाला ने इस दौरान अपने पोतों व जननायक जनता पार्टी नेता दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला पर बिना नाम लिए हमला किया था।
उन्होंने कहा था कि रूठे नेताओं और कार्यकर्ताओं को तो पार्टी में वापस लाया जाएगा, लेकिन नालायक, धोखेबाज व गद्दारों की वापसी नहीं होगी। धोखेबाज और गद्दारों को किसी कीमत इनेलो में वापस नहीं लिया जाएगा।