कोरोना को मात देने के लिए दिल्ली में आ सकता है नया प्लान, लाखों लोगों पर पड़ेगा असर
दिल्ली सरकार के कर्मचारियों की यूनियन दिल्ली गवर्नमेंट प्रोग्रेसिव एंप्लाइज फोरम अध्यक्ष डी.एन. सिंह कहते हैं कि कुछ कार्यालयों का समय बदल देने से सड़कों से भीड़ कम होगी।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति देनी है। ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन कराना एक बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार कुछ कार्यालयों के समय में बदलाव कर सकती है।
दो लाख लोग करते हैं दिल्ली सरकार के अधीन काम
दिल्ली सरकार के तहत सीधे तौर पर 42 विभाग काम करते हैं। इसमें 2 लाख के करीब अधिकारी व कर्मचारी काम करते हैं। जिसमें सबसे अधिक कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के तहत आते हैं। शिक्षा विभाग के तहत आने वाले स्कूल खुले हैं, मगर शिक्षण कार्य नहीं हो रहा है। बहुत से शिक्षक स्कूलों में बनाए गए भोजन और वितरण केंद्रों पर ड्यूटी दे रहे हैं।
सौ फीसद कर्मचारी पहुंचने लगे ऑफिस
सरकार के आदेश के बाद सौ फीसद कर्मचारी पहुंचने लगे हैं। कार्यालय और कुछ आर्थिक गतिविधियां खोलने के कारण भयंकर जाम लग रहा है। सरकार के इस कदम से राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
भीड़ हो सकती है कम
दिल्ली सरकार के कर्मचारियों की यूनियन दिल्ली गवर्नमेंट प्रोग्रेसिव एंप्लाइज फोरम अध्यक्ष डी.एन. सिंह कहते हैं कि कुछ कार्यालयों का समय बदल देने से सड़कों से भीड़ कम होगी। इससे शारीरिक दूरी का पालन हो पाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों को उनके घर से 10 किलोमीटर के दायरे में ही तैनाती की जाए। इससे कर्मचारी सड़क पर कम देर रह सकेंगे। बता दें कि दिल्ली में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे में सरकार लगातार इसके संक्रमण को रोकने के लिए कदम उठा रही है।
इस तरह बदल सकता है समय-
शिक्षा विभाग- 8 बजे से 3 बजे तक
चिकित्सा विभाग - 8 बजे 3 बजे तक
राजस्व विभाग- 9 बजे 4 बजे तक
बिक्री कर विभाग - 10 बजे से 6 बजे तक