यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब दिल्ली सरकार ने उठाया राजधानी के पार्कों के बेहतर रखरखाव का जिम्मा, एक सोसायटी कर रही सर्वे, जानिए अन्य डिटेल
डीडीए एमसीडी और एनडीएमसी के दिल्ली में कुल 16828 पार्क है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को मिलाकर कुल 16828 पार्क हैं। इनमें से 9556 पार्को का सर्वे किया गया तो 5399 यानी 56.7 प्रतिशत पार्क बदहाल मिले।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। कहने के लिए दिल्ली में करीब 17 हजार पार्क हैं, लेकिन बेहतर रखरखाव वाले 50 प्रतिशत भी नहीं हैं। कहीं पार्क के गेट टूटे हैं तो कहीं ग्रिल, कहीं उसमें गंदगी की भरमार है तो बेंच और ओपन जिम का बुरा हाल है। जी हां, दिल्ली पार्क एंड गार्डन सोसायटी द्वारा कराए गए सर्वे में पार्को की कुछ ऐसी ही तस्वीर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली में मुख्यतया तीनों एजेंसियों- दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को मिलाकर कुल 16,828 पार्क हैं। इनमें से 9,556 पार्को का सर्वे किया गया तो 5,399, यानी 56.7 प्रतिशत पार्क बदहाल मिले। बाकी पार्को का सर्वे भी चल रहा है जो 31 मई तक पूरा हो जाएगा।
पार्को की इसी बदहाली को दूर करने और उनके बेहतर रखरखाव का जिम्मा अब दिल्ली सरकार ने उठाया है। 30 जून तक इन पार्को की स्थिति में सुधार के लिए वित्तीय मदद का खाका तैयार होगा। खाका तैयार हो जाने पर एक माह में आर्थिक मदद जारी की जाएगी। आरडब्ल्यूए, एनजीओ या जिस भी एजेंसी को पार्क के रखरखाव का जिम्मा दिया जाएगा, उसे 2.55 लाख की आर्थिक मदद भी मिलेगी।
नया पार्क विकसित करने की स्थिति में अतिरिक्त एक लाख रुपये देने का भी प्रविधान है। सोसायटी के अधिकारियों ने बताया कि चार माडल पार्क तैयार किए जाएंगे। 31 मई तक पीडब्ल्यूडी को एक हजार पार्को के डिस्प्ले बोर्ड तैयार करने और जल बोर्ड को 31 अगस्त तक पांच सौ पार्को में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने का निर्देश दिया गया है।
सौ से अधिक वेटलैंड मित्र करेंगे जलाशयों की निगरानी
दिल्ली स्टेट वेटलैंड अथारिटी ने सौ से अधिक वेटलैंड मित्र बनाए हैं। यह वेटलैंड मित्र पुनर्विकास के लिए चयनित जलाशयों को अतिक्रमण से बचाने और उन्हें विकसित करने में सहायता करेंगे। इनमें 15-15 वेटलैंड मित्र उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी जिले, 13 दक्षिण-पश्चिम, 11 पूर्वी, नौ उत्तर-पूर्वी, सात केंद्रीय, सात नई दिल्ली, छह उत्तरी, तीन पश्चिमी, सात शाहदरा एवं एक दक्षिणी-पश्चिमी जिले में बनाया गए हैं।