विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोरोना ही नहीं इन चीजों का भी खौफ सता रहा दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को, आप भी रहें सतर्क

By Jp YadavEdited By:
Published: Fri, 02 Apr 2021 02:10 PM (IST)Updated: Fri, 02 Apr 2021 02:56 PM (IST)

Delhi Metro News लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर शिकायत की है कि मेट्रो यात्रा के दौरान ट्रेनों में मच्छर काट ...और पढ़ें

इन दिनों मेट्रो यात्रा के दौरान ट्रेनों में मच्छर काट रहे हैं।
इन दिनों मेट्रो यात्रा के दौरान ट्रेनों में मच्छर काट रहे हैं।

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। बेशक दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) अपने यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएं मुहैया कराता है, लेकिन बीच-बीच में कुछ खामियों की शिकायत लोग करते रहते हैं। इसी कड़ी में मेट्रो यात्रियों ने इंटरनेट मीडिया के जरिये डीएमआरसी से उसकी एक बड़ी खामी की ओर इशारा किया है। लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर शिकायत की है कि इन दिनों मेट्रो यात्रा के दौरान ट्रेनों में मच्छर काट रहे हैं, ऐसे में उन्हें मलेरिया और डेंगू होने का डर सता रहा है। मेट्रो में काट रहे मच्छरों को लेकर लोग इंटरनेट मीडिया पर डीएमआरसी से शिकायत भी कर रहे हैं। 

दिल्ली मेट्रो में मच्छरों ने बढ़ाई मुश्किलें

यात्रियों का कहना है कि मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच मच्छरों का प्रकोप अधिक हो गया है। इन दिनों स्थिति यह बन गई है कि रोजाना शाम होते ही दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों में मच्छर काटना शुरू कर देते हैं। प्रगति मैदान, इंद्रप्रस्थ, यमुना बैंक, लक्ष्मी नगर, आनंद विहार सहित कई मेट्रो स्टेशनों पर रोजाना शाम 6 बजे के बाद से मच्छरों का प्रकोप शुरू हो जाता है। इसके चलते इन दिनों मेट्रो ट्रेन में मच्छरों के चलते यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मानते हैं कि इस बार मच्छरों का प्रकोप ज्यादा है। वहीं, उनका कहना है कि ये मच्छर डेंगू व मलेरिया वाले नहीं हैं। अभी फलेरिया फैलाने वाले मच्छर ज्यादा हैं।

उधर, दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी भी शहर में बढ़ते मच्छरों को लेकर दिल्ली नगर निगम में सत्तासीन भाजपा पर हमला करती रही है। AAP नेता दुर्गेश पाठक के मुताबिक, दिल्ली है तो देश की राजधानी, लेकिन नगर निगम में भाजपा के शासन ने दिल्ली को मच्छरों की राजधानी बना दिया है। भाजपा 15 साल से नगर निगम  पर शासन कर रही है। वहीं, आज दिल्ली में जगह-जगह गंदगी के अंबार हैं, जिसके कारण मच्छर पैदा हो रहे हैं और फॉगिंग नहीं करवाई जा रही।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सर्वे कहता है कि आज दिल्ली सबसे गंदी अवस्था में है, उसके कारण मच्छर पैदा हो रहे हैं और दिल्ली में दवा का छिड़काव नहीं होने के कारण मच्छर मर नहीं रहे। दिल्ली का बुरा हाल हो चुका है। भाजपा ने दिल्ली को मच्छरों की राजधानी बना दिया है। एमसीडी को तुरंत शहर में फॉगिंग शुरू करनी चाहिए। अगर फॉगिंग शुरू नहीं की जाती तो दिल्ली कि जनता भाजपा के विरोध में सड़क पर उतरेगी।