विदेशी महिला ने पेट में छिपा रखा था 900 ग्राम कोकीन, हैरान करने वाला है मामला
महिला का सफदजंग अस्पताल में एक्सरे कराने पर पता चला कि उसके पेट में कोकीन के 74 कैप्सूल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स तस्करी के मामले में विदेशी महिला तस्कर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला जमैका की व दो अन्य आरोपित नाइजीरिया के निवासी हैं।
एनसीबी दिल्ली यूनिट के जोनल डायरेक्टर माधो सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक महिला इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोकीन लेकर आने वाली है। इस पर कार्रवाई करते हुए एनसीबी की टीम ने छह दिसंबर को इथोपियन एयरलाइंस से आई जमैका निवासी महिला को दबोच लिया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह ब्राजील के साओ पाउलो से दिल्ली आई थी। शुक्रवार को डॉक्टरों की टीम ने कोकीन के सभी कैप्सूल महिला के पेट से निकाल लिए हैं। उसने बताया कि कोकीन को नए वर्ष की पार्टी के दौरान दिल्ली-एनसीआर में खपाया जाना था।
पेट में मिले कोकीन के 74 कैप्सूल
महिला का सफदजंग अस्पताल में एक्सरे कराने पर पता चला कि उसके पेट में कोकीन के 74 कैप्सूल हैं। इनको पेट से बाहर निकालने पर कोकीन का वजन 900 ग्राम निकला।
नाइजीरियाई नागरिकों को देनी थी खेप
पूछताछ में महिला ने बताया कि कोकीन की खेप दिल्ली में दो नाइजीरियाई नागरिकों को देनी थी। इसके बाद महिला की निशानदेही पर एनसीबी की टीम ने करोलबाग से दोनों नाइजीरियाई तस्करों को भी दबोच लिया।