विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रेमी के साथ संबंध छिपाने के लिए मां बनी डायन, ऐसे किया अपने ही खून का क़त्ल

By JP YadavEdited By:
Published: Fri, 15 Dec 2017 01:05 PM (IST)Updated: Fri, 15 Dec 2017 06:53 PM (IST)

काजल ने मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और अपने पिता को बताने की बात कह रही थी।

प्रेमी के साथ संबंध छिपाने के लिए मां बनी डायन, ऐसे किया अपने ही खून का क़त्ल
प्रेमी के साथ संबंध छिपाने के लिए मां बनी डायन, ऐसे किया अपने ही खून का क़त्ल

नई दिल्ली (जेएनएन)। गाजीपुर इलाके में इंसानियत और रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। अपने अवैध संबंध को छिपाने के लिए एक मां इतनी निष्ठुर हो गई कि अपने हाथों से ही छह साल की बेटी की बलि दे दी। बुधवार शाम उसे बहला फुसलाकर पड़ोस के मकान की छत पर ले गई।

हत्या के लिए मां ने ही बच्ची के हाथ-पांव दबोचे और उसके प्रेमी ने चाकू से गला रेत दिया। इससे भी जी नहीं भरा तो उसके शव को बगल वाले मकान की छत पर फेंक दिया और पति के साथ मिलकर बच्ची को ढूंढ़ने का नाटक करने लगी।

पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर रात करीब डेढ़ बजे काजल का शव बरामद किया और जांच शुरू की तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं।

जांच में सामने आया कि काजल ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और अपने पिता को बताने की बात कह रही थी। बच्ची को समझाने के बावजूद पोल खुलने के डर से दो दिन बाद मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी को मार डाला।

पुलिस ने आरोपी मां मुन्नी देवी (30) और उसके प्रेमी सुधीर (23) को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। काजल का परिवार बी-1, गाजीपुर डेयरी फॉर्म में रहता है और पिता प्रमोद कुमार सब्जी बेचने का काम करते हैं।

सुधीर पर ऐसे गहराया शक

काजल का शव मिलने के बाद पुलिस ने पड़ोस के कमरों में रहने वाले किरायेदारों से पूछताछ शुरू की तो पता चला कि एक किरायेदार सुधीर गायब है। मामले की जांच के लिए एसीपी आनंद कुमार मिश्र, एसीपी (प्रशिक्षु) अजय कुमार व थाना प्रभारी अमर सिंह की देखरेख में टीमों का गठन किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस ने सुधीर को गाजीपुर इलाके से ही हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ शुरू की तो उसने सारा राज उगल दिया।

टीवी देख रही बच्ची को हत्या के लिए मां ही ले गई छत पर

गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुधीर ने पुलिस को बताया कि मुन्नी देवी से लंबे समय से उसका अवैध संबंध है। दो दिन पहले काजल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। मुन्नी ने दो दिनों तक बेटी को समझाया। इसके बावजूद पोल खुलने का डर था। इसलिए मुन्नी ने ही हत्या की साजिश रची।

बुधवार शाम काजल अपने दो भाइयों के साथ पड़ोसी के कमरे में टीवी देखने गई थी। मुन्नी ने उसे इशारे से बुलाया और कुछ दिखाने के बहाने पड़ोसी की छत पर ले गई। वहां दोनों ने मिलकर गला रेत दिया और शव को बगल वाले मकान की छत पर फेंककर दोनों नीचे आ गए।

हत्या के बाद थाने भी पहुंची थी आरोपी मां

टीवी देखते-देखते अचानक लापता हुई बच्ची के नहीं मिलने पर पिता प्रमोद और परिवार के बाकी सदस्य उसकी तलाश करने लगे। मां मुन्नी देवी भी पति के साथ थाने गई। पुलिस ने रात करीब 11 बजे गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की और रात डेढ़ बजे एक छत पर मासूम का शव मिला। इसके बाद भी मुन्नी ने रोने-धोने का नाटक किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।