बीते सप्ताह दिल्ली में डेंगू के 100 से अधिक मामले सामने आए, जाने- कहां-कहां है ज्यादा खतरा
बीते सप्ताह दिल्ली में डेंगू के 100 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इस वर्ष एक सप्ताह में दर्ज होने वाले ये अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। नए मरीजों के साथ यह आंकड़ा 243 पहुंच चुका है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। राजधानी दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप फैलना शुरू हो चुका है। अस्पतालों में रोज डेंगू व मलेरिया के मरीज पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही वायरल फीवर ने भी अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में एनसीआर के कई अस्पतालों में अभी से नो बेड की स्थिति बन गई है।
बीते सप्ताह दिल्ली में डेंगू के 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इस वर्ष एक सप्ताह में दर्ज होने वाले ये अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। बीते सप्ताह 106 नए डेंगू के मरीजों के साथ यह आंकड़ा 243 तक पहुंच गया है। मलेरिया के 30 और चिकनगुनिया के 13 मामले दर्ज किए गए हैं।
निगम द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक डेंगू के 106 नए मामलों में सर्वाधिक मामले दक्षिणी दिल्ली निगम इलाके से हैं। यहां बीते सप्ताह 19 और लुटियंस दिल्ली के नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र में 16 मामले सामने आए हैं। 53 मामलों की पुष्टि नहीं हो पाई है। आश्चर्यजनक बात यह है कि इस बार डेंगू के साथ मलेरिया के मरीजों का आंकड़ा भी 225 तक जा पहुंचा है।
बीते सप्ताह मलेरिया के 30 नए मरीज सामने आए हैं। एक-एक मरीज पूर्वी दिल्ली नगर निगम और दिल्ली कैंट इलाके का है तो वहीं दो मरीज उत्तरी दिल्ली नगर निगम इलाके से हैं। साथ ही 25 मरीजों में पते की पुष्टि यहां पर भी नहीं हो पाई है कि वह कहां से हैं।
बीते सप्ताह चिकनगुनिया के भी 13 नए मामले सामने आए हैं। मरीजों की बात की जाए तो बीते सप्ताह 13 नए मामले सामने आए हैं। इसमें दो मरीज एनडीएमसी इलाके से हैं तो एक मरीज दिल्ली कैंट से हैं। चिकनगुनिया के 10 मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हो पाई है। चिकनगुनिया के कुल मरीजों का आंकड़ा 60 तक जा पहुंचा है।
वहीं निगम के अनुसार मच्छर जनित बीमारियों से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही जांच के दौरान जहां-जहां मच्छरों का लार्वा मिल रहा है उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगम के मुताबिक मच्छरों का लार्वा पाए जाने पर 134784 लोगों को कानूनी नोटिस जारी किए जा चुके हैं।