बारिश ने बदली मौसम की चाल, खत्म हुआ मानसून का इंतजार, जारी रहेगा राहत का दौर
मानसून उत्तर भारत में ज्यादातर जगह दस्तक दे चुका है। बुधवार को पंजाब तक पहुंच गया है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। उमस भरी गर्मी से परेशान दिल्लीवासियों के लिए बुधवार सुबह राहत भरी रही। प्री-मानसून की बारिश से राजधानी की फिजा ही बदल गई। दिन भर बादल छाए रहे तो तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई। सुबह हुई बारिश का लोगों ने जमकर लुत्फ लिया। राहत का यह दौर अब अगले कई दिनों लगातार जारी रहेगा।
मानसून ने दी दस्तक
बृहस्पतिवार को मानसून भी दिल्ली-एनसीआर में पहुंच जाएगा। मौसम के मिजाज में नरमी मंगलवार से ही आ गई थी। देर रात भी बादलों की गर्जन का दौर जारी रहा जबकि बुधवार को सुबह सवेरे ही बारिश शुरू हो गई। इससे दिन में भी गर्मी की चुभन नहीं के बराबर ही रही।
तापमान का हाल
अधिकतम तापमान जोकि इन गर्मियों में 46 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, बुधवार को सामान्य स्तर पर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान जोकि 33 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था, सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 92 और न्यूनतम 57 फीसद रिकॉर्ड किया गया। बारिश शाम साढ़े पांच बजे तक 3.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।
अच्छी बारिश के आसार
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून उत्तर भारत में ज्यादातर जगह दस्तक दे चुका है। बुधवार को पंजाब तक पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को यह दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी पहुंच जाएगा। इसीलिए बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने तथा तेज हवा के झोकों के साथ अच्छी बारिश होने के भी आसार हैं।उधर स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि राजस्थान को छोड़कर बृहस्पतिवार को मानसून उत्तर भारत में ज्यादातर हिस्से को कवर कर लेगा।
यह भी पढ़ें: अगले महीने DMRC देने जा रहा है मेट्रो का एक और तोहफा, लोगों का सफर होगा आसान
दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई बारिश का आंकड़ा
क्षेत्र बारिश
पालम 000.4 मिमी
लोधी रोड 007.7 मिमी
रिज 002.0 मिमी