दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक में नाबालिग के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
कराला स्थित मोहल्ला क्लीनिक के डाक्टर द्वारा एक नाबालिग लड़की से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। कराला स्थित मोहल्ला क्लीनिक के डाक्टर द्वारा एक नाबालिग लड़की से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि महिला सुरक्षा के नाम पर दिल्ली की सत्ता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) इस विषय को असंवेदनशील है। महिलाएं मोहल्ला क्लीनिक जाने से डर रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी पार्टी के विस्तार के लिए दूसरे राज्य में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक में महिला सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया है। न तो वहां कोई गार्ड होता है और न कोई और व्यवस्था।
प्रदेश उपाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि आज दिल्ली की महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल ने कहा कि दिल्ली की वृद्ध महिलाओं की पेंशन बंद कर दी गई है। प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्षा योगिता सिंह ने कहा कि दिल्ली में तीन दिन पहले हुई घटना को लेकर दिल्ली सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
दिल्ली की महिलाओं ने आप को वोट देकर सत्ता तक पहुंचाया लेकिन आज उनकी सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। जगह-जगह शराब की दुकानें खोलकर उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष वासु रुखड़, प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष भूपेंद्र गोठवाल सहित अन्य नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।