पानी न मिला तो दिल्ली सरकार के मंत्रियों का होगा बहिष्कार : देवेंद्र सोलंकी
देवेंद्र सोलंकी ने कहा कि पानी को लेकर उत्तर-पश्चिमी जिले के हर क्षेत्र में हाहाकार है।कई बार प्रदर्शन हुए।दिल्ली सरकार ने पानी को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की। इसलिए जब तक जिले के हर क्षेत्र में पानी नहीं आता दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों का बहिष्कार किया जाएगा।
नई दिल्ली, सोनू राणा। भाजपा उत्तर-पश्चिमी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में भाजपा नेता व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रोहिणी विधानसभा के राजा विहार में पानी को लेकर हाथों में काले झंडे लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उस दौरान किया गया जब दिल्ली सरकार के जल मंत्री व दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन राजा विहार की अनधिकृत कालोनी की सीवर लाइन व साढ़े चार मिलियन लीटर क्षमता के सीवेज पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन करने आने वाले थे।
होगा विधायकों का घेराव
भारी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर उन्हें सीवर लाइन का उद्घाटन किए बिना ही लौटना पड़ा। हालांकि, सत्येंद्र जैन की ओर से सीवर लाइन का उद्घाटन करने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने पास ही एक मंच पर जाकर संबोधित किया था, लेकिन उद्घाटन नहीं किया। इस दौरान देवेंद्र सोलंकी ने कहा कि पानी को लेकर उत्तर-पश्चिमी जिले के हर क्षेत्र में हाहाकार है। इसको लेकर कई बार प्रदर्शन किए गए, लेकिन दिल्ली सरकार ने पानी को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की। इसलिए अब फैसला किया गया है कि जब तक जिले के हर क्षेत्र में पानी नहीं आता, दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों का बहिष्कार किया जाएगा। उन्हें जिले में घुसने नहीं दिया जाएगा। इसकी शुरुआत जल मंत्री सत्येंद्र जैन से की गई है। साथ ही दिल्ली सरकार के विधायकों के घरों का भी घेराव किया जाएगा।
लोग बूंद-बूंद को तरस रहे
सोलंकी ने कहा कि लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। जहा पानी आ भी रहा हैं वह पीने लायक़ नही हैं। वहीं दूसरी ओर दिल्ली सरकार के मंत्री सिर्फ उद्घाटन कर रहे हैं। दिल्ली सरकार का काम सिर्फ उद्घाटन व पोस्टरों तक ही सीमित है। जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया जा रहा। यहां विधायक विजेंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल, आलोक शर्मा, चित्रा अग्रवाल, विनोद महेंद्रू, मनीष चौधरी, मोर्चों के अध्यक्ष विकास राणा, संजय डबास, जिले के पदाधिकारी रोहित उपाध्याय, धर्मेंद्र सूरी, अतुल सिंघल, पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष प्रवेश वाही व भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ दिल्ली प्रदेश के सहसंयोजक अनिल सिहाग आदि मौजूद थे।
आप व भाजपा में बन गई थी टकराव की स्थिति
यहां पर एक बार तो भाजपा कार्यकर्ताओं व आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति भी बन गई थी। आप कार्यकर्ता इसलिए गुस्से में थे कि सत्येंद्र जैन को उद्घाटन करने नहीं आने दिया गया व भाजपा कार्यकर्ता पानी न आने को लेकर रोष जाहिर कर रहे थे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस कर्मचारी भी मौजूद थे। पुलिस कर्मियों ने कार्यकर्ताओं को लाख समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने सत्येंद्र जैन को उद्घाटन करने नहीं आने दिया। लोगों में इतना रोष था कि वह पुलिस की एक नहीं मान रहे थे।