Delhi Weather News: मौसम विभाग ने बारिश के मद्देनजर जारी किया यलो अलर्ट, जानिये- किस दिन बदलेगा मौसम
Delhi / NCR Weather News दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार और शनिवार को बारिश होने के आसार हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण दिल्ली के मौसम में भी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से बेअसर दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज सुहाना बना हुआ है। ठंड में लगातार कमी आ रही है। बृहस्पतिवार सुबह भी अन्य दिनों की तुलना में ठंड बेहद कम रही, लोग शर्ट और टीशर्ट में दफ्तर और काम के लिए घरों से निकले। इस बीच धूप के निकलने के साथ ही ठंड में और कमी और गर्मी में इजाफा होने लगा है। उधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार की तरह बृहस्पतिवार को भी दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बृहस्तिवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। इस बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में भी 25 और 26 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के चलते 26 फरवरी के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
कोहरे ने किया हल्का परेशान
दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार सुबह कई इलाकों में ठीकठाक कोहरा नजर आया। गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, रेवाड़ी, गुरुग्राम, हापुड़ और फरीदाबाद के अलावा पश्चिमी दिल्ली में कोहरे ने लोगों को हल्का सा परेशान किया। कोहरे के कारण कुछ इलाकों विजिबिलिटी कमी रही, जिससे वाहन चालका फाग लाइट जलाने के लिए मजबूर हुए।
इससे पहले बुधवार को दिन भर ठंडी हवा चलती रही तो आंशिक रूप से छाए बादलों के साथ सूरज ने भी लुकाछिपी खेली। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज हुआ। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 24.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 58 से 87 प्रतिशत रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस नजफगढ़ में और सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस पीतमपुरा में रिकार्ड किया गया।