यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रेलवे स्टेशन पर श्रीरामायण यात्रा ट्रेन को मीनाक्षी लेखी ने किया रवाना, कहा- राम के कार्यों को 2014 के बाद...
सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट (श्री रामायण यात्रा) ट्रेन को केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट (श्री रामायण यात्रा) ट्रेन को केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री के साथ रेलवे के उच्च अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।
साथ ही श्री रामायण यात्रा ट्रेन को रवाना करने के दौरान एक व्यक्ति को भगवान बजरंगबली की वेशभूषा में खड़ा किया गया। रेलवे की ओर से बताया कि इस यात्रा की बुकिंग के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के प्रत्येक यात्री को कोविड के टीके का दोनों डोज लगा होना अनिवार्य है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्रेन से जो यात्री जा रहे हैं और साथ ही उन्हें यहां जो लोग भेजने आए हैं, सभी श्रीराम का कार्य कर रहे हैं। यहां आए सभी लोग पुण्य का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने श्रीरामचरितमानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए कहा कि देश में राम के सारे कार्यों को 2014 के बाद ही गति मिलनी शुरू हुई। इस मतलब ये है कि प्रभु श्रीराम के सारे कार्य कब, कैसे, किसके हाथों होना है, यह सब प्रभु राम की इच्छा के अनुसार पहले से ही निश्चित था।
उन्होंने ट्रेन के बारे में बात करते हुए कहा कि श्रीराम के दरबार में जाने वाले लोगों के लिए ट्रेन में भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा उचित व्यवस्था की गई है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद कई बच्चे एडवांस में ही अपने माता-पिता के लिए इस ट्रेन की टिकट बुक करके उन्हें ये यात्रा उपहार स्वरूप उपलब्ध करा रहे हैं। श्रीराम के धाम की यात्रा से लोगों को आंतरिक सुख मिलता है।
इन स्थानों से होकर गुजरेगी श्रीरामायण यात्रा ट्रेन
दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करने के पश्चात भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन "श्री रामायण यात्रा" पर अयोध्या (राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी, सरयूघाट), नंदीग्राम (भरत-हनुमान मंदिर और भरतकुंड), जनकपुर (राम जानकी मंदिर), सीतामढ़ी (जानकी मंदिर और पुनौराधाम), बक्सर (राम रेखा घाट, रामेश्वरनाथ मंदिर), वाराणसी (तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन मंदिर, विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती), सीता समाहित-स्थल, सीतामढ़ी (सीता माता मंदिर), प्रयागराज (भारद्वाज आश्रम, गंगा-यमुना संगम, हनुमान मंदिर), श्रृंगवेरपुर (श्रृंगी ऋषि समाधि और शांता देवी मंदिर, रामचौरा), चित्रकूट (गुप्त गोदावरी, राम घाट, सती अनुसूइया मंदिर), नासिक (त्रयंबकेश्वर मंदिर, पंचवटी, सीतागुफा, कालाराम मंदिर), हंपी (अंजनाद्री पहाड़ी, विरुपाक्ष मंदिर और विठ्ठल मंदिर), बी रामेश्वरम (रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी), भद्राचलम (श्री सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर, अंजनेयस्वामी मंदिर) और नागपुर (रामटेक किला और मंदिर) होते हुए वापस दिल्ली सफदरजंग पहुंचेगी।
ट्रेन के किराए का विवरण
श्रेणी वातानुकूलित 2 टीयर प्रथम वातानुकूलित केबिन प्रथम वातानुकूलित कूपे
सिंगल शेयर 1,29,165/- रुपए 1,61,645/- रुपए लागू नहीं
डबल शेयर 1,14,065/- रुपए 1,46,545/- रुपए 1,68,950/- रुपए
ट्रिपल शेयर 1,11,910/- रुपए 1,44,390/- रुपए लागू नहीं
बालक (5-11 वर्ष) 1,03,020/- रुपए 1,35,500/- रुपए लागू नहीं