Move to Jagran APP

दिल्ली वालों के लिए गर्व की बात, ग्रीन स्कूल के मामले में मार ली बाजी

दिल्ली, एनसीआर के पांच स्कूलों को अलग से पुरस्कृत किया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर के फादर एग्नल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को पहले स्थान पर रखा गया।

By JP YadavEdited By: Thu, 16 Feb 2017 08:36 AM (IST)
दिल्ली वालों के लिए गर्व की बात, ग्रीन स्कूल के मामले में मार ली बाजी
दिल्ली वालों के लिए गर्व की बात, ग्रीन स्कूल के मामले में मार ली बाजी

नई दिल्ली (जेएनएन)। पंजाब के मोगा स्थित माउंट लिटेरा जी स्कूल को देश के सबसे पर्यावरण अनुकूल स्कूल का पुरस्कार दिया गया है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक के हेब्बल का केंद्रीय विद्यालय रहा, जबकि अधिकतम हरित स्कूलों की श्रेणी में दिल्ली ने बाजी मारी है। बुधवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ये पुरस्कार सौंपे।

गैर सरकारी वैज्ञानिक शोध संस्थान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की ओर से दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए स्कूलों की पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था के आधार पर रैंकिंग की जाती है। इसमें हरियाणा के सोनीपत स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स को तीसरे और मध्य प्रदेश के ज्ञानोदय विद्या मंदिर को चौथे स्थान पर रखा गया है।

झारखंड के माउंट लिटेरा जी स्कूल ने पांचवें स्थान पर जगह बनाई है, जबकि दिल्ली के पिनेकल स्कूल ने दसवां स्थान पाया है। यह पुरस्कार पर्यावरण को ध्यान में रखकर किए गए उपायों के साथ साथ प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर ध्यान रखने के लिए हर साल दिया जाता है।

दिल्ली, एनसीआर के पांच स्कूलों को अलग से पुरस्कृत किया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर के फादर एग्नल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को पहले स्थान पर रखा गया।

वसुंधरा के ईस्ट प्वाइंट स्कूल को दूसरे स्थान पर और अलकनंदा के सेंट जॉर्ज स्कूल को तीसरे स्थान पर रखा गया है। इसी तरह मयूर विहार का एएसएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौथे पायदान पर और पंचशील पार्क के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल को पांचवें स्थान पर रखा गया है।