जानें, Bigg boss के विजेता मनवीर गुर्जर का केजरीवाल से है ये कैसा रिश्ता!
बिग बॉस-10 के विजेता मनवीर गुर्जर की राजनीति में भी रुचि है। नोएडा में वे आम आदमी पार्टी में भी शामिल हुए थे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। बिग बॉस-10 के फाइनलिस्ट के तौर पर अपनी पहचान बना चुके और देशभर में चर्चा में आ गए मानवीर को बिग बॉस में आने से पहले कोई नहीं जानता था, क्योंकि उन्होंने इस शो में आने से पहले तक वो आम आदमी थे और इसी कैटेगरी में उन्हें शो में एंट्री भी मिली और वो इस शो के विजेता बन गए हैं। शहर की मिट्टी में पलकर बड़ा हुआ देसी छोरा बिग बॉस के सीजन-10 का चैंपियन बन गया।
मनोज कुमार बैसोया उर्फ मनवीर गुर्जर के बिग बॉस तक पहुंचने का सफर हैरान कर देने वाला है। दूसरे ऑडिशन में उनके साथ मौजूद अधिकांश प्रतियोगियों ने मनवीर को शो में एंट्री देने से मना कर दिया था। उसी मनवीर ने बिग बॉस के घर में 105 दिन बिताने के बाद नई पहचान बनाई है।
नोएडा के आगाहपुर में रहने वाले 29 वर्षीय मनवीर के पूरे परिवार में कुल 49 सदस्य हैं।मनवीर के लिए सबसे बड़ी खुशी ये है कि 6 साल बाद बिग बॉस के घर में अपने पिता से मिले। मनवीर पेशे से किसान और एक डेयरी फार्म के मालिक भी हैं।
राजनीति में रुचि है मनवीर की
मनवीर की राजनीति में भी रुचि है। नोएडा में वे आम आदमी पार्टी में भी शामिल हुए थे। मनवीर छह फीट एक इंच लंबे हैं और उन्हें कुश्ती, कबड्डी और जिम करने का शौक है। मनवीर को लड़कियों का पसंदीदा कंटेंस्टेंट माना जाता है।
जानें, ये बातें
बिग बॉस में जाने से पहले मनवीर सुबह 5 बजे उठकर डेयरी खोलते थे। मनवीर कसरत करने के साथ कबड्डी भी खेलते थे। मनवीर के एक दोस्त के मुताबिक, उसका पूरा दिन मस्ती करने में निकल जाता था। शाम को कार से शहर भर में चक्कर लगाना और वापस घर पर सोना मनवीर को पसंद था।
दाढ़ी रखने के सभी शौकीन
मनवीर, उसके साथी और परिवार के लोगों में दाढ़ी रखने का शौक है। उनके अधिकांश दोस्त मनवीर की तरह दाढ़ी रखते हैं। शायद यह उनका सिंबल बन चुका था, लेकिन बिग बॉस के घर में टास्क के समय मनवीर ने मनु पंजाबी को बचाने के लिए अपनी दो साल से रखी दाढ़ी कुर्बान कर दी।
बिग बॉस के घर तीन महीने रुकने वाले घर में रुकते थे कम
मनवीर को घर में ज्यादा देर रुकना पसंद नहीं है। घर में दो घंटे से ज्यादा रुकने का मतलब उनके लिए बंधन है। मनवीर के भाई ने बताया कि वो बिग बॉस के घर में कैसे रहा ये तो उसका दिल ही जाने। घर में सिर्फ मां के हाथ का खाना और दूध ही पसंद है।
बिग बॉस के घर कैसे पहुंचे थे मनवीर
मनवीर के दोस्त सचिन ने बताया कि बिग बॉस में ऑडिशन के लिए वीडियो बनाना था। दोस्तों के कहने पर 15 मिनट का वीडियो बनाया गया। सचिन ने वीडियो को खुद एडिट कर उसे तीन मिनट का बनाया। जिसे मनवीर की भतीजी कनिका ने अपनी मेल आइडी से भेजा था। इसके बाद की कहानी दुनिया के सामने है।