Cm अरविंद केजरीवाल पर प्याज के दाम को लेकर मनोज तिवारी ने साधा निशाना
भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार दिल्लीवासियों को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने का दावा तो कर रही है लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार दिल्लीवासियों को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने का दावा तो कर रही है, लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। वे महंगे दाम पर प्याज खरीदने को मजबूर हैं।
नवरात्र के दिनों में भी प्याज के दाम बढ़ रहे हैं। यदि दाम पर काबू पाने के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री दिल्ली के लोगों को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने का दावा कर रहे थे, लेकिन चुनावी वादे की तरह यह भी पूरा नहीं हुआ।
उन्होंने सरकार पर जमाखोरों को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी स्टोर पर भी सस्ता प्याज नहीं मिल रहा है। यहां लोगों को बताया जाता है कि प्याज खत्म हो गया है, जिसे मिलता भी है तो मात्र एक किलो। लोगों को केंद्र सरकार वाहनों के माध्यम से सस्ता प्याज उपलब्ध करा रही है।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक