Delhi News: बुध विहार में नाबालिग लड़कियों के सामने अश्लील हरकत करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Delhi Crime News वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354डी (पीछा करना) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
नई दिल्ली, पीटीआइ। उत्तरी दिल्ली के बुद्ध विहार इलाके में दो नाबालिग बहनों का पीछा करने और उनके सामने अश्लील हरकत करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना दो मार्च को हुई और आरोपी संजय (33) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, दो नाबालिग बहनें (8 और 10 साल की उम्र) अपने घर के बाहर खेल रही थीं, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उनके सामने अपने गुप्तांगों को दिखाने लगा। घटना के एक दिन बाद पीड़िता की मां ने पुलिस से संपर्क किया और एक लिखित शिकायत दी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354डी (पीछा करना) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) गुरिकबाल सिंह सिद्धू ने कहा कि शनिवार को सूचना मिली थी कि संजय अपने दोस्त से मिलने रोहिणी इलाके में आने वाला है। एक जाल बिछाया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में कैद किए गए अपराध के समय आरोपी ने जो कपड़े पहने थे, उसे उसके दोपहिया वाहन के साथ बरामद किया गया। आगे की जांच जारी है।