यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
DDA की बंद इमारत के 14वें फ्लोर से गिरा युवक, संदिग्ध हाल में मौत: परिजनों को नहीं थी यहां फ्लैट की जानकारी
गोविंदपुरी इलाके में भूमिहीन कैंप के लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए DDA) द्वारा बनाए जा रही इमारत से ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। गोविंदपुरी इलाके में भूमिहीन कैंप के लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए, DDA) द्वारा बनाए जा रही इमारत से संदिग्ध हालत में गिरकर एक शख्स की मौत हो गई। डीडीए की इस इमारत का निर्माण पॉकेट 14 कालकाजी इलाके में किया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरी थाना पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह इमारत अभी बंद है, ऐसे में मृतक यहां क्या करने आया था? इसकी जांच की जा रही है।
भूमिहीन कैंप में परिजनों के साथ रहता था युवक
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक बिन्नू(25) अपने परिवार के साथ भूमिहीन कैंप में रहता था। बिन्नू सफेदी करने का काम करता था और अविवाहित था। परिवार में दो भाई मनोज व बबलू के अलावा और मां, पिता शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोविंदपुरी थाने की इमारत के पीछे डीडीए भूमिहीन कैंप में रहने वाले लोगों के लिए फ्लैट बनाया है।
फ्लैट का हो चुका है काम
फ्लैट का काम लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन यहां अभी रहने के लिए कोई नहीं आया है। मृतक बिन्नू के परिवार का भी इस इमारत के 14वें तल पर एक फ्लैट हैं। सात अप्रैल को बिन्नू इमारत में गया था। जबकि उसके फ्लैट का ताला लगा हुआ था। इसके फ्लैट पर जाने की सूचना स्वजन को नहीं थी।
लोगों ने गिरने की दी सूचना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सात अप्रैल की शाम को वह इमारत के 14वें तल से नीचे गिर गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने उनके गिरने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस ने स्वजन को दी।
स्वजन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बिन्नू रोजाना सुबह 10 बजे से ही शराब पीने लग जाता था। जिसके लिए वह घर से चला जाता था। पुलिस आशंका जता रही है कि बिन्नू अपने फ्लैट के साथ बने फ्लैट से नीचे गिरा है क्योंकि उसका ताला खुला हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।