पॉश सोसायटी के बंद फ्लैट में मिला युवक व महिला का शव, अवैध संबंध में हत्या की आशंका
युवक ने एक माह पहले एक छात्रा से प्रेम विवाह किया था। महिला की पांच साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। मृत महिला की पहले से युवक से दोस्ती थी। अक्सर दोनों छिपकर मिलते थे।
नोएडा, जेएनएन। दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा की एक पॉश सोसायटी के फ्लैट में युवक व महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक ने एक महीने पहले ही एक छात्रा से प्रेम विवाह किया था। महिला की पांच साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला युवक के फ्लैट में कैसे पहुंची और दोनों की मौत कैसे हुई, ये अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर इन सभी सवालों के जवाब तलाशने का प्रयास कर रही है। आशंका है कि अवैध संबंधों के चलते दोनों की हत्या की गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
युवक व महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का ये मामला ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर अंतर्गत ओमीक्रॉन तीन सेक्टर की एक पॉश सोसायटी का है। युवक (22) और महिला (28) का शव इसी सोसायटी के ब्लॉक 24 स्थित प्लैट में मिला था। पुलिस ने दोनों के शव पंखे से लटके हुए बरामद किए हैं। फ्लैट के गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था।
आशंका है कि दोनों की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पंखे से लटकाया गया था। पुलिस इन मौतों को झूठी आन को लेकर की गई हॉरर किलिंग के एंगल से देख रही है। पुलिस को मामले में लड़की व लड़का, दोनों पक्षों पर संदेह है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि दोनों ने आत्महत्या की थी या उनकी हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
फिलहाल आत्महत्या की वजह जानने के लिए दोनों के परिजन से पूछताछ की जा रही है। मृतक युवक मूलरूप से बागपत के एक गांव का रहने वाला था। उसने हाल ही में बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह लॉ में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था। एक महीने पहले उसने इस पॉश सोसायटी में किराए पर फ्लैट लिया था। उसको यह फ्लैट उसके एक दोस्त ने दिलाया था।
मृत महिला गाजियाबाद की रहने वाली थी। उसकी शादी पांच साल पहले ग्रेटर नोएडा के एक गांव में हुई थी। महिला के दो बच्चे भी हैं। बीते मंगलवार को महिला घर से यह कहकर निकली थी कि वह स्कूल बच्चों को लेने जा रही है। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। मामले में परिजन ने मंगलवार को ईकोटेक तीन कोतवाली में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार रात महिला व युवक का शव बंद फ्लैट में मिला है। फ्लैट में बाहर से ताला लगा हुआ था। ऐसे में पुलिस को शक है कि दोनों की हत्या की गई है।
दोनों बहन की एक ही घर में हुई थी शादी
पुलिस जांच में पता चला है कि मृत महिला व उसकी बहन की शादी एक ही घर में हुई थी। बड़ी बहन की संदिग्ध मौत के बाद से छोटी बहन का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं ससुराल पक्ष के लोग भी यह नहीं समझ पा रहे है कि उनकी बहु उस युवक के फ्लैट पर कैसे पहुंच गई।
करीबियों पर हत्या का शक
सूत्रों ने बताया कि मृत महिला की पहले से युवक से दोस्ती थी। दोनों की दोस्ती की जानकारी उनके घर वालों को भी हो गई थी। इसके बाद अक्सर दोनों छिप छिपकर मिला करते थे। परिजन को उनकी दोस्ती और एक-दूसरे से मिलना पसंद नहीं था। पुलिस इस एंगल से भी इस हत्याकांड की जांच कर रही है। पुलिस मामले में करीबियों पर हत्या का शक जता रही है। मामले में कई अन्य लोग भी जांच के घेरे में है, जो कि लड़की व लड़का पक्ष के लोग है।
फेसबुक से प्रेम विवाह का पता चला
युवक के परिजन ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि वह किराये का फ्लैट लेकर लॉ में दाखिला व एसएससी की तैयारी कर रहा था। तीन महीने पहले उसने एक छात्रा से प्रेम विवाह कर लिया था। इसकी जानकारी उनको फेसबुक के माध्यम से हुई थी। युवक ने छात्रा के साथ फेसबुक पर फोटो अपलोड किया था और लिखा था कि उसने प्रेम विवाह कर लिया है।