तीन दिन आंधी की वजह से परेशान कर सकती है धूल, हल्की बूंदाबांदी के भी आसार
राजस्थान के उत्तर-पूर्व और यूपी के दक्षिण-पश्चिम के कुछ हिस्सों में आंधी आ सकती है। दिल्ली में भी पश्चिमी विक्षोभ से 9, 10 व 12 अक्टूबर को आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में मौसम शुष्क है लेकिन, अलवर, मथुरा और आगरा में हुई बारिश का असर यहां देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी कम हुआ है।
रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम 20.2 रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 9, 10 व 12 अक्टूबर को दिल्ली में भी बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान तेज हवा के कारण धूल परेशानी बढ़ा सकती है।
10 अक्टूबर के बाद तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट आएगी। नौ से बादल छाने शुरू हो जाएंगे। पिछले दो दिनों से आसपास के क्षेत्रों में हो रही बारिश से हवा की गति भी बढ़ी है। इस वजह से तापमान और प्रदूषण के स्तर में भी सुधार हुआ है। उधर स्काईमेट वेदर के अनुसार, उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में इस समय गर्म और शुष्क मौसम चल रहा है।
इस बीच राजस्थान के उत्तरी पश्चिमी हिस्से और इससे लगे उत्तरी मध्य प्रदेश व दक्षिणी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसमी बदलाव के कारण यहां आंधी चलने की संभावना है। राजस्थान के उत्तर-पूर्व और उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम के कुछ हिस्सों में भी आंधी आ सकती है। अगले 24 घंटों में मौसम इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा और बादल छाएंगे। 9, 10 व 12 अक्टूबर को हल्की बारिश भी हो सकती है।