Delhi Weather : दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार, प्रदूषण में भी हुआ इजाफा
Delhi Weather सुबह के समय कोहरा होगा जबकि बाद में दिन में हल्की बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश 16 और 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। सियासी सरगर्मियों और तनावपूर्ण हालात के बीच शुक्रवार को भी दिल्ली में ठिठुरन भरी ठंड से राहत नहीं मिली। बादल छाए रहने से दिन भर कंपकंपाहट बनी रही। दूसरी तरफ कोहरा बढ़ने से प्रदूषण भी गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कोहरा होगा, जबकि बाद में दिन में हल्की बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 और 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर में सभी जगह एयर इंडेक्स 400 के पार पहुंच गया है। शनिवार को भी इस स्थिति से राहत के आसार नहीं हैं और बारिश होने की संभावना भी बनी हुई है।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 69 से 100 फीसद दर्ज किया गया।
शुक्रवार को कोहरे की वजह से सुबह साढ़े 5 बजे पालम और सफदरजंग पर दृश्यता का स्तर शून्य रहा। जबकि सुबह साढ़े 11 बजे दृश्यता करीब 600 मीटर हो पाई।
दूसरी तरफ केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 432 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 444, फरीदाबाद का 420, ग्रेटर नोएडा का 427 और नोएडा का 463 दर्ज किया गया। केवल गुरुग्राम ही ऐसा जिला रहा जहां एयर इंडेक्स 306 यानी गंभीर श्रेणी में नहीं था।