लाइफस्टाइल: घरों में बिखर रहे हैं क्रिसमस के रंग, दिखने लगे हैं बदलाव
इंटीरियर डिजाइनर पूनम सोढ़ी के मुताबिक पहले घर के एक हिस्से में क्रिसमस ट्री लगाया जाता था और उसी एरिया को सजाया जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं है।
गुरुग्राम [प्रियंका दुबे मेहता]। दीपावली इंटीरियर के बाद अब घरों मे क्रिसमस के रंग देखने को मिल रहे हैं। इस बार यह बदलाव देखने को मिल रहा है कि लोग घरों के एक कोने को नहीं, बल्कि पूरे घर को क्रिसमस डेकोर से सजा रहे हैं। मॉल, होटलों व रेस्टोरेंट की तर्ज पर अब घर के हर कोने पर क्रिसमस ट्री की छांव देखने को मिल रही है। नए क्रिसमस इंटीरियर के ट्रेंड में बड़े स्तर पर घरों की सजावट हो रही है। घर के कोने-कोने में क्रिसमस ट्री घरों को सजाने के लिए कई तरह के क्रिसमस ट्री लिए जा रहे हैं।
इंटीरियर डिजाइनर पूनम सोढ़ी के मुताबिक पहले घर के एक हिस्से में क्रिसमस ट्री लगाया जाता था और उसी एरिया को सजाया जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब क्रिसमस ट्री को घरों के हर हिस्से में लगाया जा रहा है। इतना ही नहीं, इसे घर के अंदर बनी स्टेयरकेस और ओपन अलमीरा पर भी लगाया जा रहा है। घरों के पर्दो के साथ क्रिसमस ट्री की हैंगिंग्स लगाई जा रही हैं। सितारों व घंटियों से सज रहे हैं ड्राइंग रूम क्रिसमस ट्री पर सजाए जाने वाले हैंगिग्स को हर जगह लटकाया जा रहा है।
इंटीरियर डेकोरेटर गीतांजलि के मुताबिक खूबसूरत हैंगिंग्स को घरों के ड्राइंग रूम में लगाया जा रहा है। डाइनिंग एरिया व लिविंग रूम में इस तरह की सजावट को महत्व दिया जा रहा है। उनके मुताबिक अब केवल किसी समुदाय विशेष के लोग ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मो के लोग भी क्रिसमस इंटीरियर की मांग कर रहे हैं। रेनडियर व स्नो की सजावट इस विशेष थीम डेकोरेशन के लिए छोटे से बड़े आकार के रेनडियर की मांग काफी बढ़ी है।
इंटीरियर डिजाइनर पुनीता दत्ता का कहना है कि स्नो का इफेक्ट देने के लिए कॉटन का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा घरों के अंदर व्हाइट व रेड रंगों का संयोजन दिया जा रहा है जो कि क्रिसमस के रंग माने जाते हैं।
इंटीरियर डिजाइनर पूनम सोढ़ी का कहना है कि इन दिनों क्रिसमस डेकोर की मांग बढ़ गई है। लोग इसी तरह के पर्दे, फर्नीचर व क्रॉकरी की सजावट कर रहे हैं। बच्चों के लिए अलग से कोना भी बनाया जा रहा है लेकिन ज्यादा डिमांड ओवरऑल डेकोरेशन की ही है। ऐसे में घरों के बाहर के गार्डन को भी खूबसूरत क्रिसमस लुक दिया जा रहा है।