विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Yamuna Pollution: यमुना में 'झाग' को लेकर सियासत गर्म, भाजपा ने की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

By Mangal YadavEdited By:
Published: Thu, 11 Nov 2021 06:34 PM (IST)

Yamuna Pollution भाजपा ने यमुना की सफाई के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। दिल्ली विधानसभा में नेता ...और पढ़ें

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी file photo
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी file photo

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा ने यमुना की सफाई के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह स्वीकार किया है कि यमुना को साफ नहीं करने के लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है। अब उन्हें इस दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए। इसके लिए एक समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की जरूरत है। इस पर चर्चा के लिए दिल्ली सरकार को अविलंब सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस कार्य के लिए दिल्ली सरकार को हर तरह की मदद दी है। केंद्र सरकार ने 2419 करोड़ रुपये का फंड भी दिया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जुलाई में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यमुना की सफाई को प्राथमिकता में रखने को कहा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 18 बड़े नालों से रोज गंदगी इस नदी में गिर रही है। दिल्ली सरकार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की घोषणाएं तो की है, लेकिन इन्हें बनाने का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि नदी को साफ करने में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता यमुना में गंदगी का दोष दूसरों पर डालते रहते हैं जिससे लगता है कि सरकार इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। आप नेताओं के बयानों पर सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जताई थी। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय समस्या हल करने के लिए ठोस कदम उठाना होगा।

बता दें कि दिल्ली में मैली यमुना पर चल रहे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक निजी चैनल पर साक्षात्कार देते हुए कहा कि यमुना मेरी जिम्मेदारी है। अगले चुनाव तक साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं इस पर किसी के ऊपर आरोप नहीं लगाना चाहता हूं। ये 70 साल की समस्या है। मैंने 5 साल का समय मांगा था। मुझे थोड़ा समय दीजिए, अगले चुनाव तक यमुना साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों का कोई कसूर नहीं है।