यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जमीन विवाद में लटकी दिल्ली मेट्रो की सबसे बड़ी परियोजना
पेंच ऐसा फंसा है कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के पास भी इस बात का जबाब नहीं है कि ...और पढ़ें

नई दिल्ली [ जेएनएन ] । मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच दिल्ली मेट्रो की सबसे बड़ी मेट्रो लाइन का निर्माण जमीन विवाद में फंस गया है। इस मेट्रो लाइन का निर्माण वर्ष 2016 में ही पूरा होना था। फिर भी 58.59 किलोमीटर लंबी यह मेट्रो लाइन अगले साल (वर्ष 2018) भी पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हो पाएगी। क्योंकि इस मेट्रो लाइन पर मयुर विहार फेज से त्रिलोकपुरी के बीच जमीन विवाद के कारण निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है।
पेंच ऐसा फंसा है कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के पास भी इस बात का जबाब नहीं है कि इस मेट्रो लाइन का निर्माण कब पूरा होगा ? इसलिए डीएमआरसी ने इस मेट्रो लाइन पर तीन हिस्सों में मेट्रो का ट्रायल कर परिचालन शुरू करने की योजना तैयार की है।
डीएमआरसी के अनुसार इस मेट्रो लाइन का 91.78 फीसद निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य रूप से मयुर विहार फेज एक से त्रिलोकपुरी के बीच निर्माण कार्य रुका हुआ है। मजलिस पार्क से मयुर विहार फेज एक तक साल के अंत में मेट्रो लाइन बनकर तैयार हो जाएगी।
इस तरह त्रिलोकपुरी से शिव विहार के बीच अगले साल मेट्रो लाइन का निर्माण पूरा हो जाएगा पर मयुर विहार से त्रिलोकपुरी के बीच निर्माण पूरा नहीं हो पाएगा। क्योंकि जिस जगह से एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण होना है वहां कालोनियां बसी हैं। वहां के लोगों को पुनर्वासित किया जाना है, जो अब तक संभव नहीं हो सका है।
इस बीच के हिस्से को छोड़ डीएमआरसी मजलिस पार्क से मयुर विहार फेज एक और आइपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन से शिव विहार के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू करेगा।
मजलिस पार्क- लाजपत नगर के बीच सिंतबर में ट्रायल की उम्मीद
दिल्ली की इस सबसे बड़ी मेट्रो लाइन पर सबसे पहले मजलिस पार्क से लाजपत नगर के बीच मेट्रो का ट्रायल शुरू होगा। डीएमआरसी के अनुसार यह हिस्सा सितंबर तक तैयार हो जाएगा। इसी तरह लाजपत नगर से मयुर विहार फेज एक के बीच मेट्रो लाइन दिसंबर में तैयार हो जाएगी।
डीएमआरसी मयुर विहार फेज एक स्टेशन से ट्रेनों के वापस लौटने की सुविधा विकसित कर रहा है। जिससे मुकुंदपुर से मयुर विहार के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू हो सके। इसके अलावा आइपी एक्सटेंशन से शिव विहार के बीच मेट्रो लाइन अप्रैल 2018 में तैयार होगी।
तब उस हिस्से पर भी मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन मयुर विहार से त्रिलोकपुरी के बीच निर्माण पूरा होने के बाद ही दिल्ली मेट्रो की सबसे बड़ी लाइन पूरी तरह तैयार हो पाएगी।