शरजील इमाम के किराए के घर से लैपटॉप और कंप्यूटर बरामद, मिल सकता है कई अहम सुराग
जेएनयू के छात्र शरजील इमाम के वसंत कुंज के किराए के कमरे से एक लैपटॉप और एक कंप्यूटर बरामद किया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू के छात्र शरजील इमाम के वसंत कुंज के किराए के कमरे से एक लैपटॉप और एक कंप्यूटर बरामद किया गया है। उधर क्राइम ब्रांच की टीम ने शरजील के मुख्य मोबाइल को शुक्रवार को जहानाबाद स्थित उसके घर से बरामद कर लिया। उस मोबाइल को दिल्ली लाया जा रहा है। उसकी जांच के बाद पुलिस को यह पता चल सकेगा कि शरजील के किस-किस से संबंध थे और उसकी बात किससे होती थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में वह गलत तथ्यों के साथ पंपलेट भी छपवा रखा था। पुलिस का कहना है कि शरजील इमाम ने कई इलाकों और कुछ मस्जिदों में पंपलेट बांटे भी थे। पुलिस ने उसके किराए के घर से कुछ पंपलेट भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक शरजील तीन मोबाइल फोन रखता था। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस को उसके पास से दो मोबाइल मिले थे। लेकिन मुख्य मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ था। वह इस मोबाइल से ही अपने दोस्तों और नजदीकी को फोन करता था। क्राइम ब्रांच की टीम ने उस फोन को शुक्रवार को बिहार स्थित उसके घर से बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली लाने के बाद इस मोबाइल की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि वह किसके साथ वाट्स एप चैट और फोन किया करता था। क्या उसके संबंध पीएफआइ के नेताओं सहित विदेशों में रह रहे लोगों से तो नहीं है? उक्त मोबाइल से कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। जिसके बाद उसके संपर्कों पर शिकंजा कसा जाएगा।