गर्मी में शरीर का रखें खास ख्याल, पानी की कमी से बढ़ सकती है परेशानी, ऐसे रखें ख्याल
डॉ. अल्का बताती हैं कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी के कारण चक्कर आना आम बात है। कई बार तो लोग बेहोश तक हो जाते है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। बढ़ते तापमान के चलते शरीर में पानी की कमी के कारण लू का खतरा मंडराने लगता है। गर्मी लोगों को परेशान कर रही है और ऐसे में अधिक सावधान रहने की जरूरत हैै। डॉ. अल्का त्यागी बताती हैं कि 37 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर हमारे शरीर के अंग सटीक रूप से काम करते हैं। पसीने के रूप में पानी शरीर से बाहर निकलता है और शरीर के तापमान को बनाए रखता है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए चिकित्सक रोजाना दो से तीन लीटर पानी पीने की सलाह देते हैं।
खतरनाक है पानी की कमी
किडनी रोग से ग्रस्त लोगों को प्रतिदिन कम से कम छह से आठ लीटर पानी पीना चाहिए। शरीर में पानी कम हो जाने से रक्त गाढ़ा होने लगता है, उच्च रक्तचाप हो जाता है। इसके बाद शरीर के कुछ महत्वपूर्ण अंग विशेषकर दिमाग तक खून की आपूर्ति ठप पड़ जाती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति कोमा में चला जाता है और उसके शरीर का एक-एक अंग कुछ ही क्षणों में काम करना बंद कर देते हैं। इस कारण उसकी मृत्यु भी हो सकती है।
कई बार समस्या गंभीर रूप ले लेती है
डॉ. अल्का बताती हैं कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी के कारण चक्कर आना आम बात है। कई बार तो लोग बेहोश तक हो जाते है। ऐसे में शरीर ठंडा पड़ने लगता है और समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में लोगों को चिकित्सकों से संपर्क जरूर करना चाहिए। अल्ट्रा वॉयलेट किरणों के संपर्क में आने से पहले सनबर्न और फिर धीरे-धीरे वह त्वचा कैंसर का रूप ले लेता है। ऐसे में घर से निकलने से पूर्व सनस्क्रीन का प्रयोग जरूर करें।
ऐसे रखें ख्याल
घर से पानी पीकर निकले। अपने साथ पानी की बोतल हमेशा साथ रखें। जितना हो सके शरीर को ढक कर या छाता लेकर निकलें, ताकि शरीर में नमी की कमी न हो। चक्कर महसूस होने पर ओआरएस का पानी पिएं। प्यास लगने पर कहीं भी पानी पीने से बचें। जहां तक संभव हो अपने रक्तचाप पर नजर रखें। ठंडे पानी से नहाएं।अत्यधिक ठंडा पानी पीने से बचें। खाने में तेल व मसाले का कम से कम प्रयोग करें। बाहर का खाना खाने से परहेज करें। अधिक मात्रा में पानी, सलाद, फल, दही, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नारियल पानी, फ्लेवर्ड मिल्क आदि का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। इस मौसम में आंवला, एलोवेरा, कीवी, अंगूर, संतरा का सेवन काफी लाभकारी होता है। अपने आसपास साफ-सफाई का भी ख्याल रखें।
यह भी पढ़ें: बाजार में आया मोबाइल से लैस स्मार्ट डायपर, जो मम्मा को खुद बताएगा, 'मुझे बदल दो'